पाकिस्तान में चोरी हो रहे गटर के ढक्कन! सरकार को लाना पड़ा नया कानून, मरियम नवाज बोलीं- हम दिन में लगाते हैं, रात में चोरी हो जाते हैं

Pakistan Manhole Covers: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ कहती नजर आ रही हैं कि पंजाब में नया कानून लाया जा रहा है। इसके तहत जो भी व्यक्ति मैनहोल का ढक्कन चुराएगा, बेचेगा या खरीदेगा, उसे 1 से 10 साल तक की जेल हो सकती है

अपडेटेड Feb 06, 2026 पर 8:28 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान में चोरी हो रहे गटर के ढक्कन! सरकार को लाना पड़ा नया कानून

पाकिस्तान में इन दिनों चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है। यहां लोग सड़कों पर लगे मैनहोल के ढक्कन चुरा रहे हैं। माना जा रहा है कि देश में चल रहे गंभीर आर्थिक संकट के कारण लोग इन ढक्कनों को बेचकर जल्दी पैसे कमाने की कोशिश कर रहे हैं। इन अजीब घटनाओं ने लोगों और प्रशासन का ध्यान खींचा है। बढ़ती चोरी से चिंतित होकर पंजाब प्रांतीय सरकार ने इस पर सख्त कानून लाने का फैसला किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ कहती नजर आ रही हैं कि पंजाब में नया कानून लाया जा रहा है। इसके तहत जो भी व्यक्ति मैनहोल का ढक्कन चुराएगा, बेचेगा या खरीदेगा, उसे 1 से 10 साल तक की जेल हो सकती है।


उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर मैनहोल का ढक्कन चोरी होने से किसी व्यक्ति की मौत होती है, तो दोषी को 10 साल की जेल और 30 से 50 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

मरियम नवाज ने कहा, “हम दिन में मैनहोल के ढक्कन लगाते हैं और रात में वे चोरी हो जाते हैं। मैनहोल के ढक्कन चोरी मत करो।”

यह वीडियो X (पहले ट्विटर) पर शेयर किया गया, जहां लिखा गया कि गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में अब लोग कबाड़ के पैसे के लिए मैनहोल के ढक्कन तक चुराने लगे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

इस मुद्दे पर इंटरनेट पर लोगों ने मजाकिया और तंज भरी प्रतिक्रियाएं दीं।

एक यूजर ने लिखा, “जब मैनहोल के ढक्कन को राष्ट्रीय खजाने की तरह बचाना पड़े, तो समझ जाइए हालात कितने खराब हैं।”

दूसरे ने कहा, “अर्थव्यवस्था इतनी नीचे गिर गई है कि अब सड़कें ही गायब होने लगी हैं। पहले गड्ढे थे, अब गड्ढों के ढक्कन भी नहीं हैं।”

एक और यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “जेल में तो मुफ्त खाना मिलेगा, चले जाओ।” वहीं किसी ने कहा, “जेल में मुफ्त खाना मिलने से चोरी करने वालों को बुरा सौदा नहीं लगेगा।”

मैनहोल चोरी से जानलेवा हादसे

एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी में लाहौर में एक महिला और उसकी मासूम बच्ची खुले मैनहोल में गिरकर जान गंवा बैठीं। वहीं 2025 के आखिर में कराची के नीपा फ्लाईओवर के पास एक छोटे बच्चे का शव मिला था।

इन मामलों को लेकर लाहौर हाईकोर्ट में याचिकाएं भी दायर की गई हैं, जिनमें प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवारों के लिए 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मुआवजे की मांग की गई है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सिर्फ लाहौर में हर साल करीब 10,000 मैनहोल के ढक्कन चोरी या खराब हो जाते हैं। नशे के आदी लोग लोहे के ढक्कनों को कबाड़ में बेचने के लिए निशाना बनाते हैं। हालात ऐसे हैं कि शहर में चलते समय ढका हुआ मैनहोल मिलना मुश्किल हो गया है।

Islamabad Blast: 'हमलावर ने खुद को उड़ा लिया' इस्लामाबाद मस्जिद में धमाके की पूरी कहानी

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।