Rashid Khan: काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से 400 लोगों की मौत, राशिद खान ने कहा- ‘हमले केवल नफरत को बढ़ावा देंगे’

Rashid Khan: अफगानिस्तान के क्रिकेट स्टार राशिद खान ने काबुल में पाकिस्तानी सेना की तरफ से किए गए एयरस्ट्राइक में कम से कम 400 लोगों की जान जाने के बाद कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, आम लोगों के घरों, स्कूलों या अस्पतालों को निशाना बनाना एक युद्ध अपराध है।

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 11:12 AM
Story continues below Advertisement
काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से 400 लोगों की मौत, राशिद खान ने की आलोचना

Rashid Khan: अफगानिस्तान के क्रिकेट स्टार राशिद खान ने काबुल में पाकिस्तानी सेना की तरफ से किए गए एयरस्ट्राइक में कम से कम 400 लोगों की जान जाने के बाद कड़ी नाराजगी जताई। काबुल के एक रिहैब हॉस्पिटल पर पाकिस्तानी हमलों की निंदा करते हुए राशिद खान ने कहा कि आम लोगों के घरों, स्कूलों या अस्पतालों को निशाना बनाना एक युद्ध अपराध है।

उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम नागरिकों की मौत की ताजा खबरों से मैं बेहद दुखी हूं। जानबूझकर या अनजाने में आम लोगों के घरों, स्कूलों या अस्पतालों को निशाना बनाना एक युद्ध अपराध है।”

तालिबान के एक प्रवक्ता के अनुसार, पाकिस्तानी हवाई हमले में कम से कम 400 लोग मारे गए और 250 घायल हुए हैं। अफगानिस्तान के उप सरकारी प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया कि हवाई हमले में रात करीब 9 बजे (स्थानीय समय) एक ड्रग रिहैब हॉस्पिटल को निशाना बनाया गया, जिससे 2,000 बिस्तरों वाले इस अस्पताल को बहुत नुकसान हुआ। हालांकि, पाकिस्तान ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि काबुल में किसी भी अस्पताल को हमले में निशाना नहीं बनाया गया।


राशिद खान का मानना ​​है कि हालिया एयरस्ट्राइक केवल बंटवारे और नफरत को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा, “खासकर रमजान के पवित्र महीने के दौरान, इंसानी जिंदगी की इतनी अनदेखी बहुत गलत और चिंता की बात है। इससे केवल विभाजन और नफरत ही बढ़ेगी।”

अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद खान ने संयुक्त राष्ट्र से इस इस घटना की गहराई से जांच करने की मांग की।

उन्होंने लिखा, “मैं संयुक्त राष्ट्र और अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से इस घटना की गहन जांच करने और दोषियों को सजा देने की अपील करता हूं।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं इस कठिन समय में अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम ठीक हो जाएंगे और एक राष्ट्र के रूप में फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा करते हैं। इंशाल्लाह!”

अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने भी इस हवाई हमले पर दुख जताया है और इस घटना में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “आज रात काबुल में, एक अस्पताल में उम्मीद की किरण बुझ गई। इलाज की तलाश में आए युवकों को पाकिस्तानी सैन्य शासन द्वारा बमबारी में मार दिया गया। माताएं दरवाजे पर अपने बेटों के नाम पुकारती रहीं। रमजान की 28वीं रात को उनकी जिंदगी छीन ली गई।”

काबुल पर हमला

तालिबान के अनुसार, इस ताजा हमले में 400 लोगों की मौत हुई, जिसे 2021 में काबुल हवाई अड्डे पर हुए बम विस्फोट के बाद अफगानिस्तान का सबसे घातक हमला बताया जा रहा है। यह एयरस्ट्राइक उस समय हुई जब कुछ घंटे पहले ही सीमा पर गोलीबारी की खबर आई थी, जिसमें अफगानिस्तान में चार लोगों की मौत हो गई थी।

पिछले महीने, अफगानिस्तान द्वारा पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में सीमा पार हमले करने के बाद, इन दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के बीच संघर्ष फिर से भड़क उठा। काबुल का कहना है कि इन हवाई हमलों में नागरिक मारे गए थे। इस नए संघर्ष ने अक्टूबर में कतर की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम को भी तोड़ दिया। इससे पहले हुए संघर्षों में दर्जनों सैनिक, नागरिक और संदिग्ध आतंकवादी मारे गए थे।

यह भी पढ़ें: Iran Israel War: बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन और रॉकेट से हमला, तेल ठिकानों को भी बनाया गया निशाना, देखें वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।