Iran Israel War: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को 18 दिन होते ही, तेहरान ने पड़ोसी खाड़ी देशों में अपने हमले तेज कर दिए, जिनमें प्रमुख राजनयिक और ऊर्जा स्थलों को निशाना बनाया गया। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मंगलवार तड़के बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन और रॉकेट से हमला किया गया। AFP के एक पत्रकार ने दूतावास परिसर के अंदर विस्फोट के बाद काला धुआं उठते देखा, जबकि एयर डिफेंस सिस्टम ने एक अन्य ड्रोन को हवा में ही मार गिराया।
अधिकारी ने बताया कि हमले में "तीन ड्रोन और चार रॉकेट" का इस्तेमाल किया गया, जिनमें से कम से कम एक ड्रोन परिसर के अंदर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे कुछ घंटे पहले ही एयर डिफेंस सिस्टम ने दूतावास पर एक अलग रॉकेट हमले को नाकाम कर दिया था।
वीडियो फुटेज में परिसर से कुछ ही फीट की दूरी पर एक ड्रोन को विस्फोट करते हुए दिखाया गया, जिससे पता चलता है कि एक ही शाम में सी-रैम (C-RAM) सुरक्षा प्रणालियों में कई बार सेंध लगाई गई।
सोमवार को बगदाद में कई विस्फोटों की खबर मिली। AFP के अनुसार, दिन ढलने के बाद एक और जोरदार धमाका हुआ जब हवाई सुरक्षा बलों ने दूतावास पर हुए एक और हमले को नाकाम कर दिया।
हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि हमला किस तरह का था। यह घटना उस समय हुई जब एक प्रोजेक्टाइल (हमलावर गोला) बगदाद के ग्रीन जोन इलाके में एक होटल पर गिरा। इसी इलाके में अमेरिकी दूतावास, कई देशों के दूतावास, अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं और सरकारी दफ्तर स्थित हैं।
तेल सुविधाओं को भी बनाया गया निशाना
तेल मंत्रालय के अनुसार, सोमवार देर रात दक्षिणी इराक के मजनून तेल क्षेत्र को दो ड्रोन ने निशाना बनाया।
प्रवक्ता साहेब बजौन ने बताया कि एक ड्रोन ने टेलीकम्युनिकेशन टावर को निशाना बनाया, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ। एक सुरक्षा अधिकारी ने पुष्टि की कि दूसरे ड्रोन ने उस क्षेत्र में काम कर रही एक अमेरिकी कंपनी के दफ्तरों को निशाना बनाया।
यूएई के तेल क्षेत्र में हमला
अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन हमले के कारण अबू धाबी के शाह ऑयल फील्ड में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
ADNOC (Abu Dhabi National Oil Company) के अनुसार, अबू धाबी शहर से लगभग 230 किलोमीटर दक्षिण में स्थित शाह ऑयल फील्ड की उत्पादन क्षमता लगभग 70,000 बैरल कच्चे तेल प्रति दिन है।