PM Modi: 'आतंकवाद पर कोई दोहरा मापदंड नहीं...'; मलेशियाई PM इब्राहिम से वार्ता के बाद बोले पीएम मोदी, भारत-मलेशिया के बीच अहम समझौता

PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (8 फरवरी) को अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक एवं इनोवेशन साझेदारी को बढ़ाने पर केंद्रित व्यापक वार्ता की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है कि कोई दोहरा मापदंड नहीं है

अपडेटेड Feb 08, 2026 पर 11:18 AM
PM Modi Malaysia Visit: मलेशिया में पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर औपचारिक स्वागत किया गया

PM Modi Malaysia Visit: मलेशिया दौरे के दूसरे दिन रविवार (8 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। प्रधानमंत्री मोदी ने इब्राहिम से वार्ता के बाद कहा, "आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है कि कोई दोहरा मापदंड नहीं है। इससे कोई समझौता नहीं है।" पीएम मोदी ने कहा कि हमारा सामूहिक मत है कि आज की चुनौतियों का सामना करने के लिए वैश्विक संस्थानों में सुधार करना आवश्यक है। PM ने कहा, "हम आसियान के साथ मिलकर पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक एवं इनोवेशन साझेदारी को बढ़ाने पर केंद्रित व्यापक वार्ता की। पीएम नरेंद्र मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में भारत और मलेशिया के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ।

PM मोदी का भव्य स्वागत


पीएम मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर इब्राहिम ने उनका स्वागत किया जो द्विपक्षीय संबंधों में एक नयी गति का संकेत है। वार्ता से पहले पीएम मोदी का रविवार सुबह पर्दाना पुत्र में औपचारिक स्वागत किया गया। मलेशिया में पीएम मोदी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर औपचारिक स्वागत किया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "भारत और मलेशिया के बीच सभ्यतागत, ऐतिहासिक और जन-संबंधों पर आधारित घनिष्ठ संबंध हैं।" प्रधानमंत्री ने शनिवार को मलेशिया की यात्रा पर रवाना होने से पहले अपने संदेश में संकेत दिया था कि यह यात्रा गहन रक्षा सहयोग और मजबूत आर्थिक जुड़ाव को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी।

पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "सुरक्षा के क्षेत्र में हम आतंकवाद, खुफिया जानकारी साझा करना और समुद्री सुरक्षा में सहयोग मजबूत करेंगे। हम रक्षा सहयोग को भी और व्यापक बनाएंगे। AI और डिजिटल टेक्नोलॉजी के साथ-साथ हम स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे।"

PM ने आगे कहा, "मलेशिया में भारत के श्रमिकों के संरक्षण के लिए सामाजिक सुरक्षा समझौता, पर्यटन के लिए ग्रैटिस ई-वीजा और डिजिटल पेमेंट इंटरफेस UPI का मलेशिया में लागू होना ये सभी कदम, दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगे। भारत और मलेशिया को तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भी जोड़ता है। मलेशिया में तमिल की मजबूत और जीवंत उपस्थिति शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में दिखाई देती है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में हमारे संबंधों ने एक नई रफ्तार पकड़ी है और इसमें मेरे मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का विशेष योगदान है। हमारे बीच ऊर्जा, आधारभूत संरचना और उत्पादन में सहयोग बहुत मजबूत हुआ है। इन्ही उपलब्धियों से प्रेरित होकर आज हमने हमारी साझेदारी में अभूतपूर्व गति और गहराई लाने का निर्णय लिया है।"

PM मोदी ने कहा, "हमारे मलेशिया से संबंध बहुत विशेष है हम समुद्री पड़ोसी हैं सदियों से हमारे लोगों के बीच गहरे और आत्मीय रिश्ते रहे हैं। आज मलेशिया भारतीय मूल्य के आबादी वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। हमारे संभ्यताएं साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जूड़ी हुई है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं अपने करीबी मित्र मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। पिछले वर्ष मैं ASEAN समिट के लिए मलेशिया की यात्रा नहीं कर पाया। लेकिन मैंने मेरे प्रिय मित्र को वादा किया था मैं जल्द से जल्द मलेशिया आऊंगा और आज वर्ष 2026 की पहली विदेश यात्रा में मैं मलेशिया आया हूं।"

पीएम मोदी ने कहा, "आज, खेती और मैन्युफैक्चरिंग से लेकर क्लीन एनर्जी और सेमीकंडक्टर तक हमारा सहयोग हर सेक्टर में गहरा रहा है। हम स्किल डेवलपमेंट और कैपेसिटी बिल्डिंग में भी अहम पार्टनर हैं। हमारा रक्षा और सुरक्षा सहयोग भी लगातार मजबूत हो रहा है।"

उन्होंने कहा, "मैं आपको ASEAN की सफल अध्यक्षता के लिए एक बार फिर बधाई देता हूं। हमें भरोसा है कि मलेशिया के सहयोग से ASEAN के साथ हमारे संबंध और गहरे और व्यापक होंगे। हमारे रिश्ते की असली ताकत हमारे लोगों के बीच के संबंधों में है। भारतीय मूल के लगभग 30 लाख मलेशियाई नागरिक हमारे दोनों देशों के बीच एक जीता-जागता पुल हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मेरे मित्र और मलेशिया के प्रधानमंत्री मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। जिस प्रकार मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। मैंने देखा है कि परंपराओं से हटकर एक प्रकार से मलेशिया के जीवन को आपने कुछ ही घंटों में बहुत बखूबी पेश किया और इतने अच्छे से जो आयोजन किया ये हमें हमेशा याद रहना वाला है। इसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं मित्रता क्या होती है और मित्रता की ऊंचाई और गहराई क्या होती है ये मैं पूरी तरह अनुभव कर रहा हूं इसके लिए मैं आपका आभारी हूं।"

अनवर इब्राहिम ने क्या कहा?

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा, "पर्यटन और कनेक्टिविटी ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर हमें और ज्यादा जोर देना होगा। हमने पिछले साल इसमें शानदार बढ़ोतरी देखी है। हमें उम्मीद है कि वीज़ा नियमों में ढील और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाकर हम मलेशिया ट्रूली एशिया और इंक्रेडिबल इंडिया से फायदा उठा पाएंगे। मैं कई बार भारत गया हूं और सैकड़ों जगहों पर घूमा हूं।"

उन्होंने कहा, "मुझे अब भी लगता है कि मैंने पूरा भारत नहीं देखा है। यह बहुत बड़ा है, प्रधानमंत्री जी, और यह घूमने के लिए एक अद्भुत देश है, जहां का इतिहास, संस्कृति, कला और टेक्नोलॉजी में नई तरक्की देखने को मिलती है। क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों के बारे में, मुझे अपनी तारीफ़ करनी चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मेरी बातचीत सिर्फ़ सामान्य बातें और कूटनीतिक बातचीत नहीं थी। यह सच्चे दोस्तों के बीच भरोसे और समझ से भरी बातचीत थी।"

ये भी पढ़ें- Washington Post Layoffs: छंटनी के बाद वाशिंगटन पोस्ट के CEO ने दिया इस्तीफा, जेफ बेजोस ने एक-तिहाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

इब्राहिम ने आगे कहा, "मुझे इस मौके पर PM मोदी को दुनिया भर में सभी शांति प्रयासों को समर्थन करने की उनकी पक्की प्रतिबद्धता के लिए सम्मान और धन्यवाद देना चाहिए, चाहे वह यूक्रेन, रूस हो या मिडिल ईस्ट का मामला हो, खासकर गाजा में, शांति प्रक्रिया को समर्थन करने की उनकी प्रतिबद्धता साफ है और इसलिए मुझे निश्चित रूप से उनकी तारीफ करनी चाहिए। हमारे अच्छे रिश्तों की निशानी के तौर पर, मैंने तुरंत कोटा किनाबालु, सबा में भारत का दूतावास खोलने के भारत सरकार के फैसले को सपोर्ट करने पर सहमति जताई है।"

मलेशिया के प्रधानमंत्री ने कहा, "पीएम मोदी आपका स्वागत है, हमने बहुत अच्छे संबंध बनाए हैं... इसके लिए आपका और आपके टीम का धन्यवाद। हमने कुछ ऐसे मुद्दों पर बात की है जो चिंता का विषय हैं, मुझे लगता है कि हमारी टीमों को उन पर ध्यान देने की जरूरत है। हम सभी क्षेत्रों में और ज़्यादा सहयोग की उम्मीद करेंगे। यह दौरा मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में भारत और मलेशिया के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।