Canadian PM Mark Carney: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि वह कनाडा की संप्रभुता का सम्मान करे। यह बयान उन रिपोर्टों के बाद आया है जिनमें खुलासा हुआ है कि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने कनाडा के तेल समृद्ध प्रांत अल्बर्टा को स्वतंत्र देश बनाने की मांग कर रहे एक अलगाववादी समूह के साथ गुप्त बैठकें की हैं। प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि अमेरिकी प्रशासन कनाडा की संप्रभुता का सम्मान करेगा, मैं राष्ट्रपति ट्रंप के साथ इस विषय पर हमेशा स्पष्ट रहा हूं।'
अल्बर्टा अलगाववादियों और अमेरिकी अधिकारियों के बीच गुप्त वार्ता
'फाइनेंशियल टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, अल्बर्टा प्रॉस्पेरिटी प्रोजेक्ट (APP) नामक समूह के नेताओं ने अप्रैल 2025 से अब तक वाशिंगटन में अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारियों के साथ कम से कम तीन बार मुलाकात की है। यह समूह अल्बर्टा को कनाडा से अलग कर एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के लिए जनमत संग्रह की मांग कर रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि अगले महीने होने वाली बैठक में यह समूह अल्बर्टा की आजादी की स्थिति में $500 बिलियन की क्रेडिट सुविधा के लिए अमेरिका के सामने प्रस्ताव रखने की योजना बना रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग और व्हाइट हाउस ने इन बैठकों के महत्व को कम बताते हुए कहा है कि वे नियमित रूप से नागरिक समाज के समूहों से मिलते रहते हैं और इसमें कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई गई है। हालांकि, अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के हालिया बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। बेसेंट ने एक साक्षात्कार में कहा था, 'अल्बर्टा अमेरिका का प्राकृतिक साझेदार है और उनके पास बेहतरीन संसाधन हैं। मुझे लगता है कि हमें उन्हें अमेरिका में आने देना चाहिए।'
इन गुप्त मुलाकातों की खबर से कनाडा के अन्य प्रांतों के मुख्यमंत्रियों में भारी गुस्सा है। ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड ईबी ने इसे 'देशद्रोह' करार देते हुए कहा कि किसी दूसरे देश से अपने ही देश को तोड़ने के लिए मदद मांगना पुरानी भाषा में गद्दारी है। हालांकि, अल्बर्टा में ओटावा की केंद्र सरकार के खिलाफ असंतोष नया नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की जलवायु नीतियों को अल्बर्टा के तेल क्षेत्र का विरोधी माना जाता रहा है, जिससे वहां अलगाववाद की भावना को बल मिला है।
अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ का रुख
अल्बर्टा की दक्षिणपंथी प्रीमियर डेनियल स्मिथ, जो खुद तेल उद्योग की समर्थक हैं और मार-ए-लागो में डोनाल्ड ट्रंप से मिल चुकी हैं, ने एक संतुलित रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि वह 'एक एकजुट कनाडा के भीतर एक संप्रभु अल्बर्टा' का समर्थन करती हैं। हालांकि, उन्होंने ट्रूडो सरकार पर अल्बर्टा की अर्थव्यवस्था पर हमला करने का आरोप लगाया। स्मिथ ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मार्क कार्नी द्वारा हाल ही में पाइपलाइन विस्तार के लिए दी गई मंजूरी से अलगाववाद की मांग में कमी आएगी।