रूस में हिली धरती, तो उफान मारने लगा समुद्र, कई देशों में आई सुनामी! जानें अब तक क्या-क्या हुआ

कैलिफोर्निया और अमेरिका के पश्चिमी तट के बाकी हिस्सों में सुनामी की चेतावनी और एडवाइजरी जारी कर दी गई हैं, क्योंकि आगे भी सुनामी लहरें आने की आशंका है। रूस, फिलीपींस, इंडोनेशिया, चिली, पेरू और इक्वाडोर जैसे देशों ने भी चेतावनी जारी की है। फिलहाल किसी भी देश ने सुनामी से हुए नुकसान की जानकारी नहीं दी है, क्योंकि ये रिपोर्ट तैयार किए जाने तक भी समुद्री पानी का प्रकोप जारी है

अपडेटेड Jul 30, 2025 पर 2:59 PM
Story continues below Advertisement
Earthquake Tsunami: रूस में हिली धरती, तो उफान मारने लगा समुद्र

रूस के सुदूर पूर्वी तट पर बुधवार को स्थानीय समयानुसार 8.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिससे प्रशांत महासागर में सुनामी की लहरें उठीं और दुनिया भर के लाखों लोगों को अपना घर बार छोड़क ऊंची जगहों पर जाने के लिए कहा गया। यह भूकंप अब तक का छठा सबसे शक्तिशाली भूकंप है और 2011 के बाद से सबसे जोरदार है, तब 9.0 तीव्रता का भूकंप पूर्वोत्तर जापान में आया था, जिससे विनाशकारी सुनामी आई थी।

इसके बाद समुद्री तट पर बसे अमेरिकी राज्य हवाई में कई बड़ी सुनामी लहरें आई हैं, जिनमें से कुछ पांच फीट (1.5 मीटर) से भी ऊंची थीं। राज्य के गवर्नर ने चेतावनी दी है कि इसका असर “द्वीप के चारों ओर फैल जाएगा।” उधर जापान में 19 लाख से ज्यादा लोगों को अपने घरों को खाली करने के लिए कहा गया है, क्योंकि देश के उत्तरी और पूर्वी तटों पर चार फीट (1.3 मीटर) से भी ज्यादा ऊंची लहरें उठीं।

कैलिफोर्निया और अमेरिका के पश्चिमी तट के बाकी हिस्सों में सुनामी की चेतावनी और एडवाइजरी जारी कर दी गई हैं, क्योंकि आगे भी सुनामी लहरें आने की आशंका है। रूस, फिलीपींस, इंडोनेशिया, चिली, पेरू और इक्वाडोर जैसे देशों ने भी चेतावनी जारी की है।


फिलहाल किसी भी देश ने सुनामी से हुए नुकसान की जानकारी नहीं दी है, क्योंकि ये रिपोर्ट तैयार किए जाने तक भी समुद्री पानी का प्रकोप जारी था।

लेकिन विशेषज्ञों चेतावनी दी है कि अलग-अलग जगहों पर लहरों का ऊंचाई और लेवल काफी अलग-अलग हो सकता है। उन्होंने लोगों से तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है। सुनामी लहरें पहली बार टकराने के कई घंटों बाद भी तटीय इलाकों पर असर डालती रह सकती हैं।

इस बीच वाशिंगटन यूनिवर्सिटी और NOAA के सीनियर रिसर्च साइंटिस्ट योंग वेई ने कहा कि हवाई के उत्तरी तट पर "शायद" काफी बाढ़ आएगी, क्योंकि राज्य में सुनामी की ऊंची लहरें आएंगी, जबकि अमेरिका के पश्चिमी तट पर लहरें छोटी हो सकती हैं।

CNN के मुताबिक, वेई ने लोगों को सतर्क रहने और समुद्री तट से दूर रहने की चेतावनी दी और बताया कि सुनामी (Tsunami) की लहरें आम समुद्री लहरों से काफी अलगी होती हैं। वैज्ञानिक ने कहा, "लहरें लगभग 700 किलोमीटर (435 मील) प्रति घंटे की रफ्तार से आती हैं, जो एक जेट विमान की स्पीड के बराबर है।"

भूकंप कहां आया?

US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र सुदूर पूर्वी रूस में कामचटका प्रायद्वीप पर पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से लगभग 74 मील (119 किलोमीटर) दक्षिण-पूर्व में, धरत से 20.7 किलोमीटर की गहराई पर था।

कम आबादी वाला कामचटका, प्रशांत महासागर के दोनों ओर तेज भूकंप और ज्वालामुखी के रिस्क वाला इलाका है, जो पैसिफिक रिंग ऑफ फायर का हिस्सा है।

शुरुआती भूकंप के एक घंटे बाद ही रूस में 6.3 और 6.9 तीव्रता के दो जोरदार झटके महसूस किए गए। इसके तुरंत बाद, 5 तीव्रता से ज्यादा तीव्रता वाले दर्जनों और झटके भी महसूस किए गए।

कौन से इलाके प्रभावित हो सकते हैं?

भूकंप के कारण पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में रूस से लेकर प्रशांत महासागर के पार हजारों मील दूर इक्वाडोर और चिली तक सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई।

नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन के आकड़ों के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शाम को हवाई के तट पर सुनामी लहरें पहुंचने लगीं। NOAA के अनुसार, माउई द्वीप के नॉर्थ सेंट्रल तट पर काहुलुई में पांच फीट से भी ऊंची सुनामी लहर देखी गई।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, उत्तर-पूर्वी जापान के इवाते प्रांत के कुजी पोर्ट पर 1.3 मीटर (4.3 फीट) ऊंची सुनामी लहर देखी गई, और यह भी बताया गया कि सुनामी लहरें बढ़ रही हैं।

इस बीच सुनामी लहरें अमेरिका के पश्चिमी तट पर पहुंच गई हैं और बुधवार तड़के वाशिंगटन, ओरेगन और कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों तक पहुंच गईं।

  • एरिना कोव, कैलिफोर्निया: 1.6 फीट
  • क्रेसेंट सिटी, कैलिफोर्निया: 1.5 फीट
  • मोंटेरे, कैलिफोर्निया: 1.4 फीट

नॉर्थ कैलिफोर्निया तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई।

चिली, पेरू और इक्वाडोर की सरकारों ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है। इक्वाडोर के महासागरीय और अंटार्कटिक संस्थान ने कहा है कि गैलापागोस द्वीप समूह पर 1.4 मीटर (4.6 फीट) ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

मेक्सिको और सेंट्रल अमेरिका में सुनामी की चेतावनी जारी की गई, जो मेक्सिको के उत्तर-पश्चिमी तट पर एन्सेनाडा से लेकर सेंट्रल अमेरिकी देश पनामा तक है।

उधर जापान में हजारों लोगों को तटीय इलाकों से निकलने का आदेश दिया गया है, और कई लोग भीषण गर्मी के बीच ऊंची जगहों या अपने ही घर की छतों पर जा पहुंचे। पश्चिमी जापान में तापमान 41.2 डिग्री के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया, जिसके कारण अधिकारियों ने देश के बड़े हिस्से में हीट स्ट्रोक की चेतावनी भी जारी की।

हालांकि, बाद में हवाई के अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी की एडवाइजरी को घटा दिया और लोगों से कहा है कि वे सावधानी के साथ अपने घर लौट सकते हैं।

इसका मतलब है कि तेज लहरें, हल्की बाढ़ आने की आशंका है, लेकिन किसी बड़ी सुनामी की आशंका नहीं है। हवाई इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के डायरेक्टर स्टीफन लोगन का कहना है कि निकाले गए लोग अब अपने घर लौट सकते हैं।

क्या सच साबित हो रही बाबा वेंगी की भविष्यवाणी?

इस बीच एक बार फिर बाबा वेंगा की भविष्यवाणी सच साबित होने की बात उठने लगी। दरअसल पूरी दुनिया में नई बाबा वेंगा के नाम से मशहूर रियो तात्सुकी ने 5 जुलाई को जापान के पास समुद्र में भयंकर तबाही आने की भविष्यवाणी की थी। हालांकि इस दिन कुछ नहीं हुआ, लेकिन 30 जुलाई की घटना ने इन अटकलों को फिर से हवा दे दी।

तात्सुकी ने अपनी 1999 की मंगा किताब 'द फ्यूचर आई सॉ' में लिखा था कि 5 जुलाई 2025 को दक्षिणी जापान के आस-पास का समुद्र 'खौलने' लगेगा। हालांकि, उस तारीख को कोई बड़ा भूकंप या सुनामी नहीं आई, लेकिन हाल ही में आए 8.8 तीव्रता के भूकंप और उसके चलते आई सुनामी ने कई लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या उनकी भविष्यवाणी किसी सटीक तारीख के बजाय पूरे महीने के लिए एक चेतावनी थी।

'जेट विमान की स्पीड से आएंगी लहरें' वैज्ञानिक ने बताया कितनी खतरनाक तबाही ला सकती है सुनामी

 

Shubham Sharma

Shubham Sharma

First Published: Jul 30, 2025 2:53 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।