Asian Games 2026: सुचिका तरियाल ने वर्ल्ड चैंपियन को दी मात, एशियन गेम्स में भारत का पहला MMA मेडल किया पक्का

Asian Games 2026: एशियाई खेलों से भारत के लिए एक गुड न्यूज आई है। 36 साल की सुचिका तरियाल ने महिलाओं के पारंपरिक 60 किग्रा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए पहला मेडल पक्का कर लिया है। यह Asian Games में MMA में भारत का पहला मेडल भी होगा

अपडेटेड Sep 20, 2026 पर 11:27 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Asian Games 2026: सुचिका तारियाल ने एशियाई खेलों में भारत के लिए पहला पदक पक्का कर लिया है

Asian Games 2026: भारत की सुचिका तारियाल ने रविवार (20 सितंबर) को नागोया में जारी 2026 एशियन गेम्स में महिलाओं के पारंपरिक 60 किग्रा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में मंगोलिया की अल्तांचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसी के साथ उन्होंने आइची-नागोया एशियाई खेलों में भारत का पहला मेडल पक्का कर लिया है। यह 36 वर्षीय खिलाड़ी अब सोमवार 21 सितंबर को सेमीफाइनल में उतरेगी। इस प्रतियोगिता में सेमीफाइनल में पहुंचने पर पदक पक्का हो जाता है, क्योंकि अंतिम चार में हारने वाली दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक मिलता है।

सुचिका बेहद अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने जूडो, कुराश, जिउ-जित्सु और अब एमएमए सहित कई खेलोंं में अपना करियर बनाया है। एमएमए को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। सुचिका के शानदार करियर में यह नई उपलब्धि है। वह 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो और 2023 एशियाई खेलों में कुराश में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वह 2024 में जिउ-जित्सु में विश्व चैंपियन भी रह चुकी हैं।

घुटने की चोट और कुछ अन्य कारणों से कुछ समय तक खेलों से बाहर रहने के बाद उन्होंने एमएमए में हाथ आजमाए और सफलता हासिल करने में सफल रही। सुचिका ने यूरेशिया क्षेत्र में 92वें स्थान पर काबिज बैगलमा के खिलाफ मुकाबले पर पूरा नियंत्रण रखते हुए 2-0 से जीत हासिल करते हुए अंतिम चार में जगह पक्की की।


भारत का खोला खाता

सुचिका की जीत ने Asian Games 2026 में भारत का पहला मेडल पक्का कर दिया है। यह Asian Games में MMA में भारत का पहला मेडल भी होगा। भारत ने रविवार को एशियाई खेलों की महिला टीम टेबल टेनिस स्पर्धा के ग्रुप एफ के अपने शुरुआती मैच में इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। श्रीजा अकुला ने पहले मैच में नी महारानी को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। श्रीजा ने पहला गेम जीतने के बाद दूसरा गेम 8-11 से गंवाया। लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 11-4, 11-4 से जीत लिए।

दीया चितले ने इसके बाद अल्माइरा नेबुचदनेज्जर को 3-0 से हराकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दीया ने 11-9, 11-8, 11-5 से जीत दर्ज की और भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। यशस्विनी घोरपड़े ने तीसरे मैच में चित्रा रस्मी को 3-0 से हराकर भारत की जीत सुनिश्चित की। यशस्विनी ने 12-10, 11-4, 11-4 से जीत दर्ज की। ग्रुप एफ में भारत के साथ इंडोनेशिया, पाकिस्तान और सिंगापुर शामिल हैं।

दीपिका ने दागे आठ गोल

इस बीच, दीपिका ने शानदार खेल का नमूना पेश करते हुए आठ गोल दागे, जिससे भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एशियाई खेलों के पूल बी में अपने पहले मैच में कमजोर उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। यह एकतरफा मुकाबला होने की उम्मीद थी। ठीक वैसा ही हुआ क्योंकि उज्बेकिस्तान की रक्षापंक्ति भारत के लगातार हमलों का कोई जवाब नहीं दे पाई।

दोनों टीमों के बीच का अंतर मैदान पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था क्योंकि शुरुआत से ही भारत ने गोल वर्षा शुरू कर दी थी। भारत के लिए दीपिका (8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें, 54वें मिनट) ने गोल की झड़ी लगा दी। जबकि लालरेम्सियामी (7वें), इशिका (11वें, 42वें, 54वें), बलजीत कौर (12वें), नेहा (18वें), नवनीत कौर (23वें, 45वें), लथंतलुआंगी (43वें, 51वें) और साक्षी राणा (43वें) ने भी गोल किए।

इंडोनेशिया से भिड़ेगा भारत

भारत सोमवार को अपने अगले मैच में इंडोनेशिया से भिड़ेगा। प्रतियोगिता में दूसरी सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए पहले हाफ में ही आठ गोल दाग दिए।यह मैच पूरी तरह से एकतरफा मुकाबला था और दोनों टीमों के बीच कौशल का स्तर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।

इसकी शुरुआत तब हुई जब लालरेम्सियामी ने करीब से एक फील्ड गोल किया। दीपिका ने इसके एक मिनट बाद ही बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो के पास पर इशिका ने सर्कल के बाईं ओर से शानदार गोल दाग दिया।

एक मिनट बाद बलजीत ने स्कोर 4-0 कर दिया, जिसके बाद नेहा ने एक और फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। इसके बाद दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से मिले मौके पर जोरदार ड्रैगफ्लिक शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 6-0 कर दिया।

ये भी पढ़ें- Mumbai Accident: मुंबई में दर्दनाक सड़क हादसा! तेज रफ्तार BMW ने पैदल चलने वालों को मारी टक्कर, 3 की मौत, 1 की हालत गंभीर

नवनीत ने भी फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, जिसके बाद दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को पहले हाफ में 8-0 की बढ़त दिला दी। उज्बेकिस्तान के लिए स्थिति बद से बदतर हो गई क्योंकि भारतीय टीम ने आखिरी दो क्वार्टर में 11 गोल दाग दिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।