Donald Trump: ट्रंप का दावा, अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर की बमबारी, सैन्य ठिकाने 'पूरी तरह तबाह'

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों पर भारी बमबारी की है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले टैंकरों को सुरक्षा देना शुरू कर देगी।

अपडेटेड Mar 14, 2026 पर 12:36 PM
Story continues below Advertisement
ट्रंप का दावा, अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर की बमबारी

Donald Trump Iran Attack: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों पर भारी बमबारी की है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले टैंकरों को सुरक्षा देना शुरू कर देगी।

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि खार्ग द्वीप, जहां से ईरान के लगभग सभी कच्चे तेल का निर्यात होता है, पर स्थित सैन्य ठिकाने "मिडिल ईस्ट के इतिहास में सबसे शक्तिशाली बमबारी हमलों में से एक" में "पूरी तरह से नष्ट" कर दिए गए हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने फिलहाल आइलैंड के तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया है।

'ईरान के पास हमारे हमलों को रोकने की क्षमता नहीं'


अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हमारे हथियार दुनिया के सबसे ताकतवर और आधुनिक हथियार हैं, लेकिन इंसानियत के नाते मैंने द्वीप पर स्थित तेल ढांचे को नष्ट न करने का फैसला किया है। हालांकि, अगर ईरान या कोई और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों के स्वतंत्र और सुरक्षित आवागमन में बाधा डालने का प्रयास करता है, तो मैं तुरंत इस फैसले पर फिर से विचार करूंगा।" उन्होंने कहा कि हमारे किसी भी हमले से बचाव करने का ईरान के पास कोई जवाब नहीं है।

ट्रंप ने कहा, "वे इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते! ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे, न ही उसके पास अमेरिका, मिडिल ईस्ट या दुनिया को धमकी देने की ताकत होगी! ईरान की सेना और इस आतंकवादी शासन से जुड़े सभी लोगों के लिए यही बुद्धिमानी होगी कि वे अपने हथियार डाल दें और अपने देश के बचे-खुचे हिस्से को बचा लें, जो कि बहुत कम बचा है।"

तेल की कीमतों में उछाल के बीच, ट्रंप से पूछा गया कि अमेरिकी नौसेना खाड़ी के महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले टैंकरों को कब से सुरक्षा प्रदान करना शुरू करेगी। उन्होंने कहा, "यह जल्द ही होगा, बहुत जल्द।"

बता दें कि ईरानी हमलों ने होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री आवाजाही को लगभग पूरी तरह से रोक दिया है, जिससे होकर दुनिया का करीब पांचवां हिस्सा कच्चा तेल और LNG (liquefied natural gas)  इसी रास्ते से गुजरता है।

इस बीच, ईरान के कई बड़े अधिकारियों ने तेहरान में सरकार समर्थक प्रदर्शन में हिस्सा लिया और "अमेरिका मुर्दाबाद" और "इजरायल मुर्दाबाद" लिखे बैनर लहराते प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च किया।

अमेरिका द्वारा ईरान पर बमबारी तेज करने के बाद, तेहरान ने इजरायल और उसके खाड़ी पड़ोसी देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की एक नई लहर शुरू कर दी।

लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच युद्ध जारी रहा और लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इजरायली हमले में कम से कम 12 स्वास्थ्यकर्मी मारे गए।

लेबनान के अधिकारियों के अनुसार, ईरान के सहयोगी हिज्बुल्लाह को खत्म करने के उद्देश्य से किए गए इजरायली हमलों में लेबनान में कम से कम 773 लोग मारे गए हैं।

अमेरिकी मरीन तैनात

अमेरिका और इजरायल ने अब तक खरग द्वीप के आसपास सावधानी बरती है, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि द्वीप पर कब्जा करने की संभावना बनी हुई है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल और न्यूयॉर्क टाइम्स ने शुक्रवार को बताया कि पेंटागन ने जापान में तैनात हमलावर जहाज यूएसएस त्रिपोली को लगभग 2,500 मरीन सैनिकों के साथ क्षेत्र में भेजा है।

वहीं, शुक्रवार देर रात तेहरान में भीषण धमाके हुए, जिसके बाद अमेरिका ने हवाई हमले तेज करने की चेतावनी दी और ईरानी सरकारी मीडिया ने कहा कि इजरायल की ओर मिसाइलों का एक नया हमला किया गया है। हालांकि, इजरायली बचाव कर्मियों ने कहा कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

शनिवार तड़के दोहा में भी धमाके सुने गए और कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने खाड़ी देश को निशाना बनाकर दागी गई मिसाइलों को रोका है।

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने शुक्रवार को दर्जनों ड्रोन को रोका, और तुर्की ने कहा कि नाटो की सेनाओं ने ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया - युद्ध में यह तीसरी ऐसी घटना है।

फिलहला, ईरान यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि वह इस युद्ध के बाद भी सुरक्षित और अपने नियंत्रण में है, जबकि अमेरिका-इजरायल के अभियान की शुरुआत में 28 फरवरी को उसके सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए थे।

वहीं, अली खामेनेई की मौत के बाद उसके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता नामित किया गया है, लेकिन वे सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं और कहा जा रहा है कि वे घायल हैं।

इसके अलावा, अमेरिकी सरकार ने मोजतबा खामेनेई के ठिकाने के बारे में जानकारी देने वाले को 10 मिलियन डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है।

 

यह भी पढ़ें: ईरान के मोजतबा खामेनेई की जानकारी देने वाले को US देगा 1 करोड़ डॉलर, वॉन्टेड लिस्ट में और भी नाम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।