Trump On Iran: ईरान में भड़की भीषण हिंसा और देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि, 'ईरान के लोग अब 'आजादी' की ओर देख रहे हैं और अमेरिका इस बदलाव में उनकी मदद के लिए पूरी तरह तैयार है। दूसरी ओर, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई ने इस हस्तक्षेप की कड़ी निंदा करते हुए ट्रंप के पतन की भविष्यवाणी की है।
ट्रंप ने दिया सैन्य कार्रवाई का संदेश
ट्रंप प्रशासन ईरान की स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और कड़े कदम उठाने के संकेत दे रहा है। ट्रंप ने लिखा, 'ईरान आजादी की ओर देख रहा है, शायद पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। अमेरिका मदद के लिए तैयार है!' वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ईरान के सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमलों की शुरुआती योजना बना रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि यह एक नियमित प्रक्रिया है और फिलहाल अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
बता दें कि जून 2025 में अमेरिका ने ईरान के फोर्डो परमाणु संयंत्र पर 6 'बंकर-बस्टर' बम गिराए थे। यह हमला ईरान द्वारा इजरायल के खिलाफ परमाणु धमकी के बाद किया गया था।
ईरान में हो रहा 'मौत का तांडव'
ईरान में विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए सुरक्षा बलों ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार, कम से कम 72 लोग मारे जा चुके हैं और 2,300 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। अपुष्ट खबरों के अनुसार, मृतकों की संख्या 200 के पार हो सकती है। ईरान के अटॉर्नी जनरल ने चेतावनी दी है कि प्रदर्शनों में हिस्सा लेने वालों पर 'मुहारेबेह' (ईश्वर के खिलाफ युद्ध) का आरोप लगाया जाएगा, जिसकी सजा मौत है। पूरे देश में इंटरनेट और संचार सेवाएं बंद कर दी गई हैं ताकि प्रदर्शनकारी एकजुट न हो सकें।
'ट्रंप के हाथ ईरानियों के खून से रंगे हैं'- खामेनेई
ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई ने सरकारी टीवी पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए ट्रंप पर तीखा हमला बोला। खामेनेई ने ट्रंप की तुलना फिरौन, नमरूद और ईरान के पूर्व शाहों से करते हुए कहा कि जैसे उनका पतन हुआ, वैसे ही ट्रंप का भी होगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी अमेरिका को खुश करने के लिए देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने ट्रंप को सलाह दी कि ईरान के बजाय वे अपने देश की समस्याओं पर ध्यान दें। खामेनेई ने कहा कि जून 2025 के हमलों में 1,000 से अधिक ईरानी 'शहीद' हुए थे, जिसके लिए ट्रंप सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।