तुर्की से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। CCTV फुटेज में दिखा कि एक टेक न्यूज कंपनी का CEO ऑफिस में बहस के दौरान अपने कर्मचारी पर गमला फेंकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। ShiftDelete नाम की तुर्की टेक्नोलॉजी न्यूज कंपनी के CEO हक्की अलकन का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे गुस्से में अपने कर्मचारी सामेट जानकोविक पर बजरी से भरा गमला फेंकते नजर आए। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बहस किसी पब्लिश होने वाले कंटेंट को लेकर हुई थी।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों में गुस्सा भड़का दिया। कई यूजर्स ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह एक टॉक्सिक वर्कप्लेस कल्चर को उजागर करता है।
कर्मचारी ने दर्ज कराया कोर्ट केस
घटना के बाद कर्मचारी जानकोविक ने मेडिकल रिपोर्ट बनवाई और CEO अलकन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अगर आप उस शख्स पर हमला करते हैं, जिसे आप चार साल से अपना भाई कहते थे, तो इसके नतीजे जरूर होंगे। मैंने और मेरे साथियों ने जो अतिरिक्त घंटे काम किया, उसका कभी कोई पैसा नहीं मिला। हाल ही में मुझे जो सैलरी हाइक मिला था, उसे भी रद्द कर दिया गया। अब यह मामला कोर्ट में है।"
उन्होंने कंपनी पर ऑफिस के भीतर उत्पीड़न और खराब व्यवहार का आरोप भी लगाया। साथ ही कहा कि केस खत्म होने के बाद वह अपना करियर स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ाएंगे।
बाद में CEO अलकन ने सार्वजनिक माफी मांगी और जांचकर्ताओं के साथ CCTV फुटेज भी शेयर किया। बियानेट में छपे बयान में अलकन ने माना कि वह अपना गुस्सा काबू में नहीं रख पाए, लेकिन यह घटना सोची-समझी नहीं थी।
उन्होंने कहा, "पब्लिशिंग 24 घंटे का काम है और इसमें तनाव बहुत ज्यादा होता है। बहस के दौरान मेरा आपा खो गया और मैंने हाथ में पकड़े फूलदान का तना फेंक दिया, जो जाकर सामेट को लग गया। शुक्र है कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। मुझे अपने किए पर गहरा अफसोस है और मैं कोशिश करूंगा कि ऑफिस में और शांत माहौल बनाया जा सके।"
इस घटना ने ऑनलाइन बहस छेड़ दी है। लोग ऑफिस और दफ्तरों में बढ़ते तनाव, खराब मैनेजमेंट के तौर-तरीकों और प्रोफेशनल तरीके से विवाद सुलझाने की जरूरत पर चर्चा कर रहे हैं।
मामले की कानूनी कार्यवाही इस समय चल रही है और आने वाले हफ्तों में इससे जुड़ी और जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।