Iran Attack On UAE: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि देश इस वक्त ईरान की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों की भारी बौछार का सामना कर रहा है। मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन और 'खुली आक्रामकता' करार देते हुए कहा है कि वह अपने क्षेत्र और नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
174 मिसाइलें और 689 ड्रोन से हुए हमले
UAE के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया X पर अब तक हुए हमलों का पूरा ब्योरा साझा किया है। ईरान ने अब तक कुल 174 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इनमें से 161 को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि 13 समुद्र में जा गिरीं। वहीं कुल 689 ईरानी ड्रोन डिटेक्ट किए गए, जिनमें से 645 को इंटरसेप्ट किया गया, लेकिन 44 ड्रोन देश की सीमा के भीतर गिरने में सफल रहे। 8 क्रूज मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें एयर डिफेंस ने मार गिराया, हालांकि इनके मलबे से जमीन पर नुकसान हुआ है।
इस भीषण गोलाबारी के बीच संयुक्त अरब अमीरात में जान-माल की क्षति भी हुई है। इन हमलों में अब तक 3 लोगों की मौत हुई है और 68 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। मिसाइलों के मलबे गिरने से कई नागरिक संपत्तियों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है। रक्षा मंत्रालय ने साफ किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में सुनाई दे रहे धमाके दरअसल एयर डिफेंस सिस्टम और फाइटर जेट्स द्वारा दुश्मन के हथियारों को हवा में नष्ट करने की आवाजें हैं।
दुबई के लैंडमार्क्स निशाने पर
ईरान के इन हमलों का असर दुबई के पॉश इलाकों पर भी पड़ा है। लग्जरी होटल बुर्ज अल अरब और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मलबे गिरने से इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा है। लगातार हमलों और हवाई क्षेत्र में खतरे को देखते हुए उड़ानों का संचालन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
UAE ने इस सैन्य हमले की कड़ी निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को स्पष्ट संदेश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि UAE के पास इस उकसावे का जवाब देने और अपनी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार सुरक्षित है। देश की सेना को 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है और सुरक्षा बल किसी भी नए खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सरकार ने जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहें।