US इमिग्रेशन अधिकारियों ने 5 साल के बच्चे को हिरासत में लिया, बाप को घर से बाहर निकालने के लिए बनाया 'चारा'!

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने कहा कि बच्चे को निशाना नहीं बनाया गया था। उनके मुताबिक, एजेंट्स बच्चे के पिता एड्रियन कोनेजो एरियास को पकड़ने आए थे, जो इक्वाडोर से हैं और अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे थे। DHS का दावा है कि पिता भाग गए और बच्चे को छोड़ दिया, इसलिए बच्चे की सुरक्षा के लिए एक अधिकारी उसके साथ रुका

अपडेटेड Jan 23, 2026 पर 9:26 AM
Story continues below Advertisement
US इमिग्रेशन अधिकारियों ने 5 साल के बच्चे को हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर में भेज दिया

अमेरिका के मिनेसोटा राज्य में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्री-स्कूल से घर लौट रहे 5 साल के बच्चे को उसके पिता के साथ फेडरल इमिग्रेशन अधिकारियों ने पकड़ लिया और टेक्सास के एक डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। स्कूल अधिकारियों और परिवार के वकील के मुताबिक, बच्चे का नाम लियाम कोनेजो रामोस है। वह अपनी कार में बैठा ही था, तभी एजेंट्स ने उसे घर के ड्राइववे से उठा लिया।

अधिकारियों ने बच्चे से कहा कि वह घर का दरवाजा खटखटाए और देखे कि अंदर कोई और है या नहीं। स्कूल की सुपरिटेंडेंट जेना स्टेनविक ने कहा कि यह एक 5 साल के बच्चे को “चारा” बनाने जैसा था।

बच्चे के पिता ने मां से कहा कि वह दरवाजा न खोले। परिवार 2024 में अमेरिका आया था और उनका असाइलम (शरण) केस अभी चल रहा है। उन्हें देश छोड़ने का कोई आदेश नहीं दिया गया था।


स्कूल सुपरिटेंडेंट ने सवाल उठाया, “5 साल के बच्चे को क्यों हिरासत में लिया गया? यह बच्चा कोई अपराधी नहीं है।”

हालांकि, अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने कहा कि बच्चे को निशाना नहीं बनाया गया था। उनके मुताबिक, एजेंट्स बच्चे के पिता एड्रियन कोनेजो एरियास को पकड़ने आए थे, जो इक्वाडोर से हैं और अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे थे। DHS का दावा है कि पिता भाग गए और बच्चे को छोड़ दिया, इसलिए बच्चे की सुरक्षा के लिए एक अधिकारी उसके साथ रुका।

वहीं स्कूल अधिकारियों और स्थानीय नेताओं का कहना है कि पिता भागे नहीं थे और घर पर एक और वयस्क मौजूद था, जो बच्चे को अपने पास रखने को तैयार था। लेकिन एजेंट्स ने उसकी बात नहीं मानी।

परिवार के वकील ने बताया कि पिता और बच्चा दोनों को टेक्सास के डिली शहर के इमिग्रेशन सेंटर में रखा गया है। अभी तक उनसे सीधा संपर्क नहीं हो पाया है। वकील ने कहा कि वे कानूनी और मानवीय दोनों रास्तों से उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच, बच्चों के अधिकारों से जुड़े संगठनों ने चेतावनी दी है कि डिटेंशन सेंटर में हालात बहुत खराब हैं। वहां कई बच्चे बीमार हैं, कुपोषण का शिकार हैं और 100 दिन से ज्यादा समय से हिरासत में हैं।

मिनेसोटा में हाल के हफ्तों में इमिग्रेशन रेड तेज हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 6 हफ्तों में करीब 3,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसी इलाके में हाल ही में 10 साल और 17 साल के बच्चों को भी हिरासत में लिया गया।

स्कूलों में डर का माहौल है। कई बच्चे स्कूल आना छोड़ रहे हैं। एक दिन तो करीब एक-तिहाई छात्र स्कूल नहीं आए।

लियाम की टीचर ने उसे प्यार करने वाला और अच्छा बच्चा बताया और कहा, “उसके दोस्त उसे याद कर रहे हैं। हम बस यही चाहते हैं कि वह सुरक्षित रहे और वापस लौट आए।”

'अगर हम नहीं मिलेंगे तो कुछ नहीं होगा', रूस और यूक्रेन के साथ त्रिपक्षीय बातचीत से पहले बोले ट्रंप

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।