US-Iran tensions: अमेरिका ने तेहरान पर तेज की कार्रवाई, ईरान के सुरक्षा प्रमुखों पर लगाए नए प्रतिबंध

US-Iran Tensions: अमेरिका अब ईरान की सरकार के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को कुचलने के आरोपी ईरानी अधिकारियों पर नए प्रतिबंध लगा रहा है। अमेरिका के वित्त विभाग ने गुरुवार (15 जनवरी) को ईरान में राष्ट्रीय सुरक्षा के सर्वोच्च परिषद के सचिव पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा भड़काने के आरोप में नए प्रतिबंध लगाए

अपडेटेड Jan 15, 2026 पर 11:47 PM
Story continues below Advertisement
US-Iran tensions: अमेरिका ने विरोध-प्रदर्शनों को कुचलने के आरोपी ईरानी अधिकारियों पर नए सिरे से प्रतिबंध लगाए हैं

US-Iran tensions: अमेरिका ईरान की सरकार के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को कुचलने के आरोपी ईरानी अधिकारियों पर नए प्रतिबंध लगा रहा है। अमेरिका के वित्त विभाग ने गुरुवार (15 जनवरी) को ईरान में राष्ट्रीय सुरक्षा के सर्वोच्च परिषद के सचिव पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा भड़काने के आरोप में नए प्रतिबंध लगाए। इन प्रतिबंधों में ईरानी वित्तीय संस्थानों से जुड़े एक गुप्त बैंकिंग नेटवर्क में शामिल 18 लोग और कंपनियां भी शामिल हैं।

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का कहना है कि अमेरिका ईरानी जनता की स्वतंत्रता और न्याय की मांग का समर्थन करता है। ये प्रतिबंध अमेरिकी एसेट्स और बिजनेस तक पहुंच को रोकते हैं। लेकिन ये ज्यादातर प्रतीकात्मक हैं, क्योंकि कई टारगेट किए गए देशों में अमेरिकी फंड नहीं है।

ईरान में नाजुक हालात के मद्देनजर भारत वहां से भारतीयों को निकालने की तैयारी कर रहा है। वहीं अमेरिका ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर तेहरान की कार्रवाई के जवाब में ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया है।


भारत ने बुधवार को ईरान में रह रहे अपने सभी नागरिकों से उपलब्ध साधनों से देश छोड़ने और वहां की यात्रा न करने का आग्रह किया। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि विदेश मंत्रालय ईरान में बदलती स्थिति के मद्देनजर भारत लौटने के इच्छुक भारतीय नागरिकों की वापसी को सुगम बनाने की तैयारी कर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार नागरिक और सैन्य परिवहन विमानों का उपयोग कर भारतीयों को वापस लाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। एक अनुमान के अनुसार, छात्रों सहित लगभग 10,000 भारतीय वर्तमान में ईरान में रह रहे हैं।

बुधवार को तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों सहित सभी भारतीय नागरिकों से उपलब्ध परिवहन साधनों के जरिए ईरान छोड़ने का आग्रह किया। दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों से सावधानी बरतने, विरोध प्रदर्शनों वाले क्षेत्रों से दूर रहने और दूतावास के संपर्क में रहने का भी आग्रह किया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में किसी भी अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप की संभावना से इनकार नहीं किया है।ट्रंप ने बुधवार को सीबीएस न्यूज को बताया, "अगर वे उन्हें (लोगों को) फांसी देते हैं, तो आप भयानक दृश्य देखेंगे। अगर वे ऐसा करते हैं तो हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।"

ये भी पढ़ें- VIDEO: भारतीय कोस्ट गार्ड ने पाकिस्तानी नाव को किया जब्त! 9 लोगों को पकड़ा, अरब सागर का वीडियो वायरल

ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को संदेश देते हुए मंगलवार को कहा कि मदद आ रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति पहले ही तेहरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर चुके हैं।इस बीच, इजरायल में स्थित भारतीय दूतावास ने इजरायल में मौजूद भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।