US Midterm Elections Result 2026: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। CNN के डिसीजन डेस्क के प्रोजेक्शन के मुताबिक, डेमोक्रेटिक पार्टी अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) पर कब्जा करती नजर आ रही है। अंतिम नतीजों में अगर ये प्रोजेक्शन ऐसा ही रहा तो रिपब्लिकन पार्टी का वॉशिंगटन में दोनों सदनों पर नियंत्रण खत्म हो जाएगा। अब ट्रंप प्रशासन को अपने कार्यकाल के अगले दो साल में कांग्रेस के भीतर डेमोक्रेट्स की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। यह चुनाव ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बीच में हुआ है। ऐसे में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हासिल करना उनके लिए राजनीतिक और विधायी, दोनों लिहाज से अहम हो जाएगा। प्रतिनिधि सभा में बहुमत मिलने से डेमोक्रेट्स को ट्रंप प्रशासन की नीतियों, फैसलों और सरकारी कामकाज की जांच-पड़ताल करने का मौका मिलेगा। साथ ही राष्ट्रपति के विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने में भी मुश्किलें आ सकती हैं।
