Venezuela: वेनेजुएला में हुई आपातकाल की घोषणा, अमेरिका पर 'गंभीर सैन्य हमले' का आरोप; पड़ोसी कोलंबिया ने भी जारी किया हाई अलर्ट

US Attacks Venezuela: वेनेजुएला सरकार ने आधिकारिक बयान जारी कर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की है। सरकार ने कहा, 'हम अमेरिकी सरकार द्वारा वेनेजुएला की धरती और उसके लोगों के खिलाफ की गई इस बेहद गंभीर सैन्य आक्रामकता की कड़ी निंदा और इसे अस्वीकार करते हैं।' रिपोर्ट्स के अनुसार, काराकास में कई जगहों पर धमाकों की आवाजें सुनी गईं

अपडेटेड Jan 03, 2026 पर 4:10 PM
ट्रंप ने ये तक दावा कर दिया है कि अमेरिका ने मादुरो और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में ले लिया है

Venezuela Crisis: वेनेजुएला और अमेरिका के बीच तनाव अब चरम सीमा पर पहुंच गया है। राजधानी काराकास में हुए जोरदार धमाकों और आसमान में लड़ाकू विमानों की गूंज के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में 'आपातकाल' की घोषणा कर दी है। मादुरो सरकार ने इसे अमेरिका द्वारा किया गया 'बेहद गंभीर सैन्य हमला' करार दिया है, जिससे पूरे दक्षिण अमेरिका में युद्ध की आहट सुनाई देने लगी है। ट्रंप ने तो ये तक दावा कर दिया है कि अमेरिका ने मादुरो और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में ले लिया है।

'अमेरिका ने वेनेजुएला की संप्रभुता का उल्लंघन किया'

वेनेजुएला सरकार ने एक कड़ा आधिकारिक बयान जारी कर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की है। सरकार ने कहा, 'हम अमेरिकी सरकार द्वारा वेनेजुएला की धरती और उसके लोगों के खिलाफ की गई इस बेहद गंभीर सैन्य आक्रामकता की कड़ी निंदा और इसे अस्वीकार करते हैं।' एएफपी के अनुसार, काराकास में कई जगहों पर धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालांकि, अभी तक नुकसान और हताहतों का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है।


पड़ोसी देश कोलंबिया की 'हाई अलर्ट'

वेनेजुएला के पड़ोसी देश कोलंबिया ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की स्थिरता दांव पर है। कोलंबिया ने किसी भी तरह की एकपक्षीय सैन्य कार्रवाई को खारिज करते हुए कहा कि इससे आम नागरिक खतरे में पड़ सकते हैं। एहतियात के तौर पर कोलंबिया ने वेनेजुएला से लगी अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि किसी भी संभावित मानवीय संकट या शरणार्थियों के पलायन की स्थिति से निपटा जा सके। कोलंबिया के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इन तथ्यों की 'निष्पक्ष जांच' की मांग करेंगे और शांति बनाए रखने पर जोर देंगे।

यह घटनाक्रम उन रिपोर्टों के आने के कुछ ही घंटों बाद हुआ है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला के तट पर ड्रग तस्करों के ठिकानों को नष्ट करने की बात कही थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।