दिग्गज अरबपति वॉरेन बफेट (Warren Buffett) ने गेट्स फाउंडेशन और चार फैमिली चैरिटीज को बर्कशायर हाथवे (Berkshire Hathaway) के करीब $600 करोड़ (₹51291 करोड़) के शेयर और दान किए हैं। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक करीब 20 साल पहले जब से वह अपनी दौलत का एक हिस्सा दान कर रहे हैं, तब से लेकर अब तक यह उनका सबसे बड़ा सालाना डोनेशन है। करीब 1.24 करोड़ बर्कशायर क्लास बी शेयरों के दान से चैरिटीज को अब तक वॉरेन बफेट का दान $6000 करोड़ से अधिक हो गया। दान देने से पहले उनकी कुल संपत्ति $15.2 हजार करोड़ थी और फोर्ब्स की सूची के मुताबिक वह दुनिया के पांचवे सबसे अमीर व्यक्ति थे। दान के बाद बफेट छठे स्थान पर आ जाएंगे। पिछले साल जून में उन्होंने $530 करोड़ से अधिक और नवंबर में फैमिली चैरिटीज को $114 करोड़ और दान किए थे। वारेन बफेट के पास अब भी बर्कशायर के 13.8% हिस्सेदारी है।
वारेन बफेट ने 94.3 करोड़ शेयर गेट्स फाउंडेशन को दान किए हैं तो सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को 9,43,384 शेयर दान किए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने बच्चों के फाउंडेशन को भी शेयर दान किए हैं। उन्होंने हावर्ड की हावर्ड जी बफेट फाउंडेशन, सुसी के शेरवुड फाउंडेशन और पीटर के नोवो फाउंडेशन में से हर एक को 6,60,366 शेयर दान किए हैं। सुसी बफेट (Susie Buffett) सुसान थाम्पसन बफेट फाउंडेशन का काम देखती हैं जो रिप्रोडक्टिव हेल्थ की फंडिंग करती है और यह उनकी मां और वारेन बफेट की पहली पत्नी के नाम पर है। शेरवुड फाउंडेशन नेब्रास्का की एनजीओ और बच्चों की शुरुआती शिक्षा को सपोर्ट करती है तो हावर्ड जी बफेट फाउंडेशन दुनिया भर में भुखमरी और ह्यूमन ट्रैफिकिंग से लड़ाई को लेकर काम करती है जबकि नोवो फाउंडेशन हाशिए पर रह रही महिलाओं और आदिवासी समुदायों को लेकर काम करती है।
वर्ष 2006 से दान कर रहे अपनी दौलत
94वर्षीय वॉरेन बफेट ने वर्ष 2006 से अपनी संपत्ति का एक हिस्सा दान करना शुरू किया था। पिछले साल उन्होंने अपनी वसीयत में बदलाव किया था जिसमें उन्होंने अपनी मृत्यु के बाद 99.5% दौलत एक चैरिटेबल ट्रस्ट को देने की बात कही। इस ट्रस्ट की देखरेख उनके बच्चे करेंगे। बफेट के बच्चों – 71 वर्षीय सुसी बफेट, 70वर्षीय हॉवर्ड बफेट, और 67वर्षीय पीटर बफेट को यह तय करने के लिए लगभग दस साल का समय मिलेगा कि पैसे कहां खर्च हो, और इसका फैसला मिल-जुलकर सबकी सहमति से लेना होगा। बफेट के मुताबिक उनकी मौत के बाद गेट्स फाउंडेशन को डोनेशन बंद हो जाएंगे। वॉरेन बफेट वर्ष 1965 से बर्कशायर की कमान संभाल रहे हैं। $1.05 लाख करोड़ के इस ग्रुप के पास जेईको कार इंश्योरेंस और बीएनएसएफ रेलरोड समेत करीब 200 बिजनेसेज हैं। इसके पास एपल और अमेरिकन एक्सप्रेस समेत दर्जनों कंपनियों के स्टॉक्स भी हैं।