Flight Cancellations: एविएशन सेक्टर पर युद्ध की मार, 1,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द; भारतीय यात्री भी बेहाल

Flight Cancellations: भारत से खाड़ी देशों और यूरोप जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार यानी आज भारतीय एयरलाइंस की कम से कम 300 उड़ानें प्रभावित होने की आशंका है। इंडिगो की दुबई और दोहा जाने वाली सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। एयर इंडिया ने भी यूएई, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए अपनी सभी उड़ानें 2 मार्च की रात तक के लिए स्थगित कर दी हैं

अपडेटेड Mar 02, 2026 पर 10:53 AM
Story continues below Advertisement
दिल्ली एयरपोर्ट पर 28 फरवरी को 410 और 1 मार्च को 350 उड़ानें रद्द की गई

West Asia conflict: पश्चिम एशिया में ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई ने वैश्विक हवाई यातायात को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई मार्ग और हब दुबई, दोहा और आबू धाबी बंद रहे, जिससे हजारों यात्री फंसे हुए हैं। सुरक्षा जोखिमों और एयरस्पेस बंद होने के कारण एयरलाइंस को मजबूरन अपनी उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं या उनके रूट बदलने पड़ रहे हैं।

प्रमुख एयरलाइंस और वैश्विक हवाई अड्डों की स्थिति

हवाई क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विमानन सेवाओं पर गहरा असर पड़ा है:


दिग्गज एयरलाइंस प्रभावित: 'एमिरेट्स' और 'कतर एयरवेज' ने रविवार तक अपनी 400-400 से ज्यादा उड़ानें रद्द की हैं।

हवाई अड्डे बंद: दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 600 से अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं। इसके अलावा दोहा, तेल अवीव और जेद्दा जैसे महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स पर भी संचालन ठप है।

रूट में बदलाव: एयर फ्रांस, लुफ्थांसा, ब्रिटिश एयरवेज और सिंगापुर एयरलाइंस जैसी कंपनियों ने दुबई, रियाद और तेल अवीव के लिए अपनी सेवाएं फिलहाल निलंबित कर दी हैं।

भारतीय विमानन सेवा पर बड़ा असर

भारत से खाड़ी देशों और यूरोप जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अकेले सोमवार को भारतीय एयरलाइंस की कम से कम 300 उड़ानें प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली एयरपोर्ट पर 28 फरवरी को 410 और 1 मार्च को 350 उड़ानें रद्द की गई थीं। इंडिगो की दुबई और दोहा जाने वाली सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। एयर इंडिया ने भी यूएई, सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए अपनी सभी उड़ानें 2 मार्च की रात तक के लिए स्थगित कर दी हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए एक 'पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम' सक्रिय किया है।

यूरोप और अमेरिका की उड़ानों के लिए नए रूट

ईरान और इराक का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण एयर इंडिया ने अपनी लंबी दूरी की उड़ानों के लिए नए रास्ते अपनाए हैं। न्यूयॉर्क और नेवार्क जाने वाली उड़ानें अब इटली के रोम में स्टॉप लेकर जाएंगी। अब विमान ओमान, दक्षिणी सऊदी अरब और मिस्र के रास्ते यूरोप पहुंच रहे हैं। इससे उड़ान का समय 30 से 40 मिनट बढ़ गया है और एयरलाइंस का परिचालन खर्च भी काफी बढ़ गया है। अमृतसर-बर्मिंघम और दिल्ली-ज्यूरिख जैसी महत्वपूर्ण उड़ानें सोमवार को रद्द कर दी गई हैं।

Dubai Skyline: दुबई की चमक पर युद्ध का साया, सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा तबाही का मंजर

यात्रियों के लिए क्या है विकल्प?

ज्यादातर एयरलाइंस प्रभावित यात्रियों को कुछ राहत देने की कोशिश कर रही हैं। ब्रिटिश एयरवेज जैसे करियर यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या रिफंड लेने की सुविधा दे रहे हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।