Delcy Rodríguez: वेनेजुएला में मचे भारी उथल-पुथल के बीच एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है- डेल्सी रोड्रिग्ज (Delcy Rodríguez)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद डेल्सी ने 'नए राष्ट्रपति' के रूप में शपथ ले ली है और वे अमेरिका के साथ सहयोग करने को तैयार हैं। हालांकि, खुद डेल्सी ने इन दावों को ठुकराते हुए मादुरो को ही अपना इकलौता नेता बताया है।
डेल्सी रोड्रिग्ज: मादुरो की 'टाइगर'
56 वर्षीय डेल्सी रोड्रिग्ज को वेनेजुएला की सत्ता में निकोलस मादुरो का सबसे वफादार और आक्रामक सहयोगी माना जाता है। खुद मादुरो उन्हें 'टाइगर' कहकर बुलाते हैं, क्योंकि वे अपनी समाजवादी सरकार और विचारधारा की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती हैं। उनका जन्म 1969 में काराकास में हुआ। उनके पिता, जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिग्ज, 1970 के दशक में एक वामपंथी गुरिल्ला नेता थे। इसी क्रांतिकारी पृष्ठभूमि ने डेल्सी के राजनीतिक व्यक्तित्व को गढ़ा है। उनके भाई जॉर्ज रोड्रिग्ज वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष हैं और देश के सबसे शक्तिशाली रणनीतिकारों में से एक माने जाते हैं।
वकील से लेकर 'फाइनेंस सीजर' तक
डेल्सी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक कुशल वकील और अर्थशास्त्री भी हैं। वे 2014 से 2017 तक देश की विदेश मंत्री रहीं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वे अपने बेबाक और कड़े तेवर के लिए जानी जाती थीं। 2018 में उपराष्ट्रपति बनने के बाद, मादुरो ने उन्हें वित्त मंत्री और अगस्त 2024 में तेल मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया। वेनेजुएला की पूरी अर्थव्यवस्था और उसके सबसे महत्वपूर्ण संसाधन 'तेल' पर डेल्सी का सीधा कंट्रोल है।
ट्रंप का दावा बनाम डेलसी की हकीकत
वर्तमान संकट में डेल्सी रोड्रिग्ज एक पहेली बन गई है। ट्रंप ने कहा कि डेल्सी ने शपथ ले ली है और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में उन्होंने कहा, 'हम वह सब करेंगे जो आप (अमेरिका) चाहते हैं।' इसके उलट, वेनेजुएला के सरकारी टीवी पर डेल्सी का एक वीडियो संदेश सामने आया जिसमें उन्होंने मादुरो की गिरफ्तारी को 'किडनैपिंग' बताया है। उन्होंने कहा, 'इस देश में केवल एक ही राष्ट्रपति है, और वह निकोलस मादुरो हैं।' ट्रंप, डेल्सी को निकोलस मादुरो का 'विकल्प' बता रहे हैं, जबकि वे खुद को मादुरो की 'रक्षक' के रूप में पेश कर रही हैं।
डेल्सी ही क्यों हैं उत्तराधिकार की मुख्य दावेदार?
भले ही उनके शपथ ग्रहण पर विवाद हो, लेकिन डेल्सी वेनेजुएला के सत्ता ढांचे में सबसे स्वाभाविक उत्तराधिकारी है। वे मादुरो के 'इनर सर्कल' की सबसे महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उपराष्ट्रपति होने के नाते संविधान के अनुसार राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में वे ही कार्यभार संभालती हैं। उनके पास तेल मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और खुफिया एजेंसी (SEBIN) की कमान है।