Zohran Mamdani: कौन हैं न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर जोहरान ममदानी, जिन्होंने ट्रंप की धमकी और एलॉन मस्क के विरोध के बावजूद जीता चुनाव

Who Is Zohran Mamdani: जोहरान ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर 1991 को युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था। उनके पिता महमूद ममदानी अफ्रीकी राजनीति और इतिहास के जाने-माने विद्वान हैं, जबकि उनकी मां प्रसिद्ध भारतीय फिल्मकार मीरा नायर हैं, जिन्होंने 'मॉनसून वेडिंग' और 'द नेमसेक' जैसी फिल्में बनाई हैं

अपडेटेड Nov 05, 2025 पर 10:12 AM
Story continues below Advertisement
जोहरान ममदानी की जीत में उनकी पत्नी रामा दुवाजी की भूमिका पर्दे के पीछे बेहद महत्वपूर्ण रही है

Zohran Mamdani: भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। 34 वर्षीय ममदानी को यह जीत तब मिली जब उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी का सामना करना पड़ा, जिसमें ट्रंप ने ममदानी के जीतने पर न्यूयॉर्क को फंड न देने की बात कही थी। इसके अलावा ममदानी को अपने प्रतिद्वंदियों निर्दलीय एंड्रयू क्युओमो और रिपब्लिकन कर्टिस स्लिवा के साथ-साथ टेस्ला के सीईओ एलॉन मस्क के विरोध का भी सामना करना पड़ा। खुद को 'डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट' बताने वाले ममदानी की जड़ें भारत और अफ्रीका से जुड़ी हुई हैं।

कौन हैं जोहरान ममदानी?

जोहरान क्वामे ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर 1991 को युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था। वह न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम, दक्षिण एशियाई और अफ्रीकी मूल के मेयर हैं। उनके पिता महमूद ममदानी अफ्रीकी राजनीति और इतिहास के जाने-माने विद्वान हैं, जबकि उनकी मां प्रसिद्ध भारतीय फिल्मकार मीरा नायर हैं, जिन्होंने 'मॉनसून वेडिंग' और 'द नेमसेक' जैसी फिल्में बनाई हैं।


बचपन में उनका परिवार युगांडा, दक्षिण अफ्रीका और फिर न्यूयॉर्क चला आया। उन्होंने ब्रॉन्क्स हाई स्कूल ऑफ साइंस और बोडोइन कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की। कॉलेज के दौरान, उन्होंने फिलिस्तीन में न्याय के लिए छात्रों (Students for Justice in Palestine) नामक संगठन की सह-स्थापना की।

2017 में शुरू हुआ राजनीतिक सफर

साल 2017 में उन्होंने डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका (DSA) में शामिल होकर न्यूयॉर्क की राजनीति में कदम रखा। 2020 में उन्होंने क्वींस के 36वें जिले से डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीतकर राज्य विधानसभा में प्रवेश किया और 2022 तथा 2024 में निर्विरोध चुने गए। 20 विधेयक पेश कर चुके ममदानी काफी अच्छी हिन्दी बोलते हैं और उन्होंने भारतीय मूल के मतदाताओं से जुड़ने के लिए अपने अभियान का प्रचार हिन्दी में भी किया था।

पर्दे के पीछे पत्नी रामा दुवाजी ने संभाला था मोर्चा

जोहरान ममदानी की जीत में उनकी पत्नी रामा दुवाजी की भूमिका पर्दे के पीछे बेहद महत्वपूर्ण रही है। 28 वर्षीय रामा दुवाजी पेशे से कलाकार हैं और उन्होंने ही ममदानी के पूरे अभियान की विजुअल आइडेंटिटी तैयार की थी। रामा ने कैंपेन के लिए मेट्रोकार्ड येलो, मेट्स ब्लू और फायरहाउस रेड जैसे रंगों के मिश्रण का इस्तेमाल किया, साथ ही बोल्ड, बोडेगा-स्टाइल टाइपोग्राफी के जरिए एक स्पेशल पहचान बनाई। उन्होंने सोशल मीडिया की भाषा और ब्रांडिंग पर भी काम किया।

टेक्सास में जन्मी और दुबई, कतर में पली-बढ़ी रामा न्यूयॉर्क के स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स से मास्टर्स की डिग्री ली हुईं हैं। दोनों की मुलाकात 2021 में डेटिंग ऐप Hinge के जरिए हुई थी और 2024 में उनकी शादी हुई। हालांकि, दुबई में हुई उनकी भव्य सगाई समारोह को लेकर आलोचना भी हुई थी, क्योंकि जोहरान खुद को समाजवादी बताते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।