Afghanistan: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर एक सप्ताह के भीषण संघर्ष के बाद, दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण युद्धविराम तो बना हुआ है, लेकिन सोशल मीडिया पर हैशटैग 93,000 ट्रेंड कर रहा है। इसका इस्तेमाल तालिबान के साथ हुए ताजा टकराव को लेकर इस्लामाबाद का मजाक उड़ाने के लिए किया जा रहा है। यह संख्या पाकिस्तान के 1971 में भारत के सामने आत्मसमर्पण की याद दिलाने वाले वायरल मीम में बदल गई है।
'93,000 पैंट सेरेमनी 2.0'
यह ट्रेंड तब शुरू हुआ जब ऑनलाइन वीडियो सामने आए, जिनमें तालिबान लड़ाके कथित तौर पर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा छोड़े गए कब्जा किए हुए टैंक और पैंट लहराते हुए दिखाई दिए। अफगान सैनिकों ने इस घटना को '93,000 पैंट सेरेमनी 2.0' का नाम दिया, जो 1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की याद दिलाता है। आपको बता दें कि उस युद्ध में पाकिस्तान के लेफ्टिनेंट जनरल एएके नियाजी ने 93,000 सैनिकों के साथ भारत के लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़े सामूहिक आत्मसमर्पणों में से एक था।
सोशल मीडिया पर खूब उड़ रहा मजाक
नियाजी के ढाका में आत्मसमर्पण पर हस्ताक्षर करने की ऐतिहासिक तस्वीर अब सोशल मीडिया पर दोबारा शेयर की जा रही है, जिसके साथ ही यह तंज कसा जा रहा है कि पाकिस्तान एक बार फिर युद्ध के मैदान से 'भाग गया है।'
ऑनलाइन मजाक उड़ाने वालों में अफगान पत्रकार, कार्यकर्ता और भारतीय सेना के सीनियर अधिकारी भी शामिल हैं। फजल अफगान ने लिखा, '1971: भारतीयों के सामने आत्मसमर्पण किया। 2025: अफगानों के सामने आत्मसमर्पण किया। लम्बा समय हो गया, लेकिन टीम 93000 के लिए कुछ नहीं बदला।'
भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने 1971 की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, '93,000 हमेशा से पसंदीदा संख्या रही है।'
एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'टीम 93,000 ने फिर इतिहास रचा। उनकी पैंट अफगान सेनाओं द्वारा लहराई जा रही है। वे एकमात्र परंपरा जिसका पालन करते हैं: आत्मसमर्पण।'