Credit Cards

World Safest Country: दुनिया का सबसे सेफ देश है आइसलैंड! जानें- कितने नंबर पर है भारत

World’s Safest Country in 2025: 2025 की तमाम चुनौतियों के बावजूद पांच देश दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों के रूप में उभरे हैं। इनमें आइसलैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रिया और सिंगापुर जैसे देश शामिल हैं। यह खुलासा इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस (IEP) की तरफ से जारी साल 2025 का ग्लोबल पीस इंडेक्स (GPI) में हुआ है

अपडेटेड Aug 31, 2025 पर 4:59 PM
Story continues below Advertisement
World’s Safest Country in 2025: इस लिस्ट को बनाने के लिए 163 स्वतंत्र देश और क्षेत्र शामिल किए गए हैं

World’s Safest Country in 2025: दुनिया भर के कई देशों में जारी युद्धों, सीमा सुरक्षा चिंताओं और टैरिफ विवादों के कारण वैश्विक तनाव बढ़ने के बीच कुछ राष्ट्र शांति के प्रतीक बनकर उभर रहे हैं। 2025 की तमाम चुनौतियों के बावजूद पांच देश दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों के रूप में उभरे हैं। इनमें आइसलैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रिया और सिंगापुर जैसे देश शामिल हैं। यह खुलासा इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस (IEP) की तरफ से जारी साल 2025 का ग्लोबल पीस इंडेक्स (GPI) में हुआ है।

आइसलैंड ने दुनिया के सबसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित देश का दर्जा हासिल किया है। आइसलैंड 2008 से लगातार दुनिया का सबसे सेफ देश का स्थान हासिल करने में कामयाब रहा है। भारत इस लिस्ट में शीर्ष 100 देशों में जगह बनाने में नाकाम रहा है। भारत को 163 देशों में 115वां स्थान मिला है। इस लिस्ट को बनाने के लिए 163 स्वतंत्र देश और क्षेत्र शामिल किए गए हैं। ये वैश्विक जनसंख्या के 99.7 हिस्से को लीड करते हैं।

ग्लोबल पीस इंडेक्स (GPI) सैन्यीकरण और संघर्षों से लेकर हत्या और आतंकवाद तक 23 संकेतकों का उपयोग करके सुरक्षित देशों को रैंक जारी करता है। 2025 में वैश्विक शांति और भी नाज़ुक होती जा रही है। दुनिया विश्व युद्ध की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ग्लोबल पीस इंडेक्स (GPI) के अनुसार, संघर्षों की संख्या द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। अकेले इसी साल बड़े तीन संघर्ष छिड़े हैं।


फिर भी इस उथल-पुथल के बीच कुछ देश सुरक्षा के मामले में वैश्विक अग्रणी बने हुए हैं। शांति सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। यह रोजमर्रा की जिंदगी में अनुभव की जाती है। रात में बिना किसी डर के घर लौटना, दरवाजे खुले छोड़ना या पड़ोसियों और संस्थानों पर भरोसा करना। 2025 का ग्लोबल पीस इंडेक्स उन जगहों को दर्शाता है जहां सुरक्षा संस्कृति का हिस्सा है। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस लिस्ट में भारत 115वें स्थान पर है। जबकि पाकिस्तान 144वें स्थान पर है। 163 देशों की लिस्ट में रूस सबसे आखिरी स्थान पर है।

कैसे तय होता है सुरक्षित देश का पैमाना?

BBC के अनुसार, आइसलैंड ने दुनिया के सबसे शांतिपूर्ण देश का खिताब बरकरार रखा है। यह खिताब 2008 से उसके पास है। रेक्जाविक में जन्मी ट्रैवल मैनेजर इंगा रोस एंटोनियसडॉटिर ने बीबीसी को दिए अपने बयान में कहा, "आप रात में ज्यादातर बिना किसी चिंता के अकेले घूम सकते हैं। आप बच्चों को कैफ़े और दुकानों के बाहर बच्चों की गाड़ी में शांति से सोते हुए देखेंगे। जबकि उनके माता-पिता डिनर का आनंद ले रहे होंगे। स्थानीय पुलिस बंदूकें नहीं रखती।"

कभी आंतरिक संघर्षों से घिरा आयरलैंड अब दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक है। BBC की रिपोर्ट के अनुसार किल्डारे के निवासी जैक फिट्जसिमोंस ने कहा, "समुदाय और मित्रता की गहरी भावना आपको स्वागत और सहजता का एहसास कराती है, चाहें आप छोटे शहर में हों या बड़े शहर में...।" उन्होंने आगे कहा, "मजबूत कल्याणकारी सिस्टम असमानता और तनाव को कम करने में मदद करती हैं।"

ये भी पढ़ें- Punjab Flood: पंजाब में बाढ़ से त्राहिमाम! ब्यास नदी का जलस्तर और बढ़ा, कपूरथला में अलर्ट जारी

सुरक्षा में सुधार और आतंकवाद से संबंधित कम प्रभावों के कारण इस साल न्यूजीलैंड दो पायदान ऊपर चढ़ा है। इसका द्वीपीय भूगोल प्राकृतिक सुरक्षा प्रदान करता है। लेकिन सख्त घरेलू नीतियां सुरक्षा को और मजबूत बनाती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आजीवन निवासी मिशा मैनिक्स-ओपी ने कहा, "न्यूजीलैंड के बंदूक कानून दुनिया के सबसे सख्त कानूनों में से हैं, जो सुरक्षा की भावना को और मजबूत करता है। बच्चे स्कूल पैदल जाते हैं। दरवाजे अक्सर खुले छोड़ दिए जाते हैं। वाहन चालक अजनबियों की मदद के लिए तुरंत रुक जाते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।