सर्दियों की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली में स्मॉग और खराब हवा का दौर एक साथ शुरू हो गया है। अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ऐसा अनुमान जताया है कि इस पूरे हफ्ते दिल्ली में कोहरे की हल्की चादर देखी जा सकती है। साथ ही आज यानी रविवार के दिन भी दिल्ली में हल्का कोहरा छाया रहेगा। साथ ही दिल्ली सहित पूरे NCR इलाके के लोगों को फिलहाल खराब हवा से राहत मिलती हुई बिलकुल भी नहीं दिखाई दे रही है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री कम था।
इन जगहों पर हो सकती है बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल और माहे में अलग अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जाहिर की है। वहीं, यनम, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कराईकल और तमिलनाडु में भी अलग अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं केरल और माहे में बारिश के साथ साथ बिजली भी गिर सकती है। IMD ने केरल में बारिश को लेकर एक ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।
इस वजह से हो सकती है बारिश
IMD ने बताया है कि एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण तमिलनाडु और आसपास के इलाके पर फैला हुआ है। इसके अलावा निचले क्षोभमंडल स्तर में एक ट्रफ उत्तर आंतरिक कर्नाटक पर बना हुआ है। जिसकी वजह से अगले 7 दिनों के दौरान प्रायद्वीपीय हिस्से में भारी बारिश होने की संभावना है। माहे और केरल में 8 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। जबकि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में 6 नवंबर तक भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ों पर गिर सकती है बर्फ
IMD ने बताया है कि 7 नवंबर की रात से एक पश्चिमी हिमालय के हिस्से को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। जिस वजह से 7 से 9 नवंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और 9 नवंबर को उत्तराखंड में अलग अलग जगहों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है।