Farming tips: इस तकनीक से करें भिंडी की खेती, होगा बंपर उत्पादन, करें मोटी कमाई

Farming tips: भिंडी की फसल को कीटों और रोगों से कैसे बचाएं? लीफ हॉपर, सफेद मक्खी और फल छेदक जैसे कीट भिंडी की खेती को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, सही बीजोपचार, उन्नत कीटनाशकों और समय पर देखभाल से फसल को सुरक्षित रखा जा सकता है। जानिए वैज्ञानिक उपाय और खेती को अधिक लाभदायक बनाने के तरीके

अपडेटेड Mar 30, 2025 पर 10:52 AM
Farming tips: सफेद मक्खी भिंडी की पत्तियों पर चिपचिपापन बढ़ाती है

मार्च का महीना किसानों के लिए एक नई शुरुआत लेकर आता है, खासकर भिंडी की खेती करने वालों के लिए। यह फसल न केवल तेजी से तैयार होती है बल्कि बाजार में भी इसकी अच्छी मांग रहती है। महज 30 से 45 दिनों में लहलहाने वाली यह फसल किसानों के लिए कम समय में मुनाफा कमाने का सुनहरा मौका होती है। लेकिन सही देखभाल के अभाव में कीट और रोगों का प्रकोप फसल को बर्बाद कर सकता है, जिससे मेहनत पर पानी फिर सकता है। भिंडी की खेती में लीफ हॉपर, सफेद मक्खी, लाल मकड़ी और फल छेदक जैसे कीट बड़ी समस्या बन सकते हैं। इसके अलावा, पिला शिरा चित्ती रोग और चूर्णिल फफूंद जैसी बीमारियाँ उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं।

इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए, बोकारो जिला कृषि कार्यालय, चास प्रखंड के तकनीकी प्रबंधक लुटवरण महतो ने लोकल 18 से बात करते हुए किसानों के लिए कुछ जरूरी वैज्ञानिक और व्यावहारिक उपाय सुझाए हैं। सही बीज चयन, उन्नत तकनीकों का उपयोग और समय पर कीट एवं रोग नियंत्रण करने से किसान न केवल अपनी फसल को बचा सकते हैं, बल्कि बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा भी कमा सकते हैं।

भिंडी की फसल पर आम कीटों का हमला


1. लीफ हॉपर: शुरुआती खतरा

भिंडी के शुरुआती विकास चरण में लीफ हॉपर सबसे आम समस्या बनकर उभरता है। ये कीट पौधों की पत्तियों को पीला कर देता है और किनारों से मोड़ देता है, जिससे पौधे कमजोर हो जाते हैं। यदि समय पर नियंत्रण न किया जाए, तो ये पूरे खेत को प्रभावित कर सकता है।

2. फल छेदक कीट

ये खतरनाक कीट भिंडी के फूल और फलों में घुसकर उन्हें अंदर से नुकसान पहुंचाता है। पौधों की शाखाओं में छेद करके ये उन्हें कमजोर कर देता है, जिससे फसल की गुणवत्ता और उपज दोनों पर असर पड़ता है।

3. सफेद मक्खी और लाल मकड़ी का प्रभाव

सफेद मक्खी भिंडी की पत्तियों पर चिपचिपा पदार्थ जमा कर देती है, जिससे काले फफूंद का खतरा बढ़ जाता है और पत्तियाँ मुरझाने लगती हैं। वहीं, लाल मकड़ी गर्म और शुष्क मौसम में अधिक सक्रिय होती है और पत्तियों का रस चूसकर उन्हें समय से पहले गिरा देती है।

भिंडी के प्रमुख रोग और समाधान

1. पिला शिरा चित्ती रोग

इस रोग का मुख्य कारण सफेद मक्खी होती है, जिसके कारण भिंडी पीली और कठोर हो जाती है, जिससे उसकी बाजार में बिक्री करना मुश्किल हो जाता है।

2. चूर्णिल फफूंद (पाउडरी मिल्ड्यू)

इस रोग के कारण भिंडी के पत्तों के नीचे सफेद धब्बे बनने लगते हैं। धीरे-धीरे ये धब्बे पूरे पौधे पर फैल जाते हैं, जिससे पत्तियां कमजोर होकर टूटने लगती हैं।

कीट और रोग नियंत्रण के कारगर उपाय

1. रोग प्रतिरोधक बीजों का चयन

उच्च गुणवत्ता वाली और रोग प्रतिरोधक किस्मों के बीज चुनें।

ट्राइकोडर्मा से 4 ग्राम प्रति किलो बीज की दर से बीजोपचार करें।

2. लाल मकड़ी का नियंत्रण

प्रति लीटर पानी में 2 मि.ली. प्रोपरजाइट 57 EC या एसपाइरोमेसिफेन 9% SC मिलाकर छिड़काव करें।

3. फल छेदक से बचाव

संक्रमित फलों और शाखाओं को समय रहते खेत से हटा दें और नष्ट कर दें।

4. सड़न रोग से सुरक्षा

हेक्साकोनाजोल 2 SC (3 लीटर प्रति हेक्टेयर) या टेब्यूक्यूनाजोल 9% (500–700 लीटर पानी में) मिलाकर स्प्रे करें।

सावधानी से होगी बेहतर पैदावार

भिंडी की सफल खेती के लिए एक्सपर्ट्स की सलाह को अपनाना जरूरी है। समय पर कीट और रोग नियंत्रण उपायों को अपनाकर और उन्नत बीजों का चयन करके किसान अपनी फसल को सुरक्षित और लाभदायक बना सकते हैं। सही देखभाल और वैज्ञानिक तकनीकों से भिंडी की पैदावार को कई गुना बढ़ाया जा सकता है।

Farming Tips: खेती में अपनाएं नई तकनीक! गेहूं की कटाई के बाद भी होगी तगड़ी कमाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।