Budget 2026: अब सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर्स और इंफ्रा पर रहेगा सरकार का फोकस, ₹12 लाख करोड़ खर्च करने का प्लान

Budget 2026: यूनियन बजट 2026 में सरकार ने कैपेक्स को ग्रोथ का मुख्य हथियार बनाया है। इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर्स पर बढ़ा खर्च किन सेक्टर्स की तस्वीर बदल सकता है, इसी पर बाजार की नजर है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Feb 01, 2026 पर 2:29 PM
Story continues below Advertisement
इंफ्रास्ट्रक्चर सरकार की ग्रोथ स्ट्रैटेजी का सबसे अहम स्तंभ बना रहेगा।

Budget 2026: यूनियन बजट 2026 में सरकार ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि ग्रोथ की रीढ़ कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी सरकारी खर्च ही रहेगा। सरकार ऐसे समय में पूंजीगत खर्च बढ़ा रही है, जब ग्लोबल स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है। साथ ही, प्राइवेट इनवेस्टमेंट की रिकवरी अभी पूरी तरह रफ्तार नहीं पकड़ पाई है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कैपेक्स बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। पिछले साल यह 11.11 लाख करोड़ रुपये था। यह 9.8% की बढ़ोतरी है। इसका मतलब है कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च में किसी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है।

इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहेगा ग्रोथ का केंद्र


कैपेक्स में यह बढ़ोतरी साफ संकेत देती है कि इंफ्रास्ट्रक्चर सरकार की ग्रोथ स्ट्रैटेजी का सबसे अहम स्तंभ बना रहेगा। जब तक प्राइवेट कैपेक्स पूरी तरह पटरी पर नहीं आता, तब तक पब्लिक इनवेस्टमेंट से ही इकोनॉमी को सहारा देने की रणनीति अपनाई जा रही है।

एक्सपर्ट का मानना है कि इससे कंपनियों को प्रोजेक्ट विजिबिलिटी मिलेगी और आगे चलकर प्राइवेट सेक्टर भी निवेश बढ़ाने के लिए ज्यादा आत्मविश्वास दिखा सकता है।

इन सेक्टर्स को मिलेगा फायदा

बजट के बढ़े हुए खर्च का फायदा कई सेक्टर्स को मिलने की उम्मीद है। इनमें इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन, कैपिटल गुड्स, सीमेंट, मेटल्स, रेलवे, लॉजिस्टिक्स और पावर सेक्टर शामिल हैं।

सरकार का फोकस ट्रांसपोर्ट नेटवर्क, रेलवे विस्तार, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर बना हुआ है। जैसे-जैसे इन क्षेत्रों में खर्च बढ़ेगा, वैसे-वैसे इनसे जुड़ी कंपनियों के ऑर्डर बुक और कमाई की विजिबिलिटी मजबूत हो सकती है।

हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर

बजट में सात हाई-स्पीड रेलवे कॉरिडोर को ग्रोथ कनेक्टर के तौर पर घोषित किया गया है। ये कॉरिडोर देश के बड़े आर्थिक और जनसंख्या केंद्रों को जोड़ेंगे।

इसका फायदा सिर्फ रेलवे तक सीमित नहीं रहेगा। रेलवे कंस्ट्रक्शन, रोलिंग स्टॉक, सिग्नलिंग, लॉजिस्टिक्स और उससे जुड़े सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए यह कई सालों तक डिमांड का आधार तैयार कर सकता है।

सेमीकंडक्टर पर जोर

बजट का फोकस सिर्फ सड़क, रेलवे और बिजली तक सीमित नहीं है। सरकार ने मैन्युफैक्चरिंग डेप्थ और सप्लाई-चेन रेजिलिएंस पर भी खास जोर दिया है।

सेमीकंडक्टर मिशन को आगे बढ़ाने, घरेलू कैपिटल गुड्स क्षमताएं विकसित करने और डेडिकेटेड केमिकल पार्क्स बनाने की योजना इसी दिशा में कदम हैं। इसका मकसद भारत को मैन्युफैक्चरिंग के लिहाज से ज्यादा आत्मनिर्भर बनाना है।

क्रिटिकल मिनरल्स पर नजर

बजट में रेयर अर्थ, कॉपर और सिल्वर जैसे क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन सुरक्षित करने पर भी फोकस दिखता है। यह ऐसे समय में अहम है, जब इलेक्ट्रॉनिक्स, AI और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहे हैं।

इन मिनरल्स की उपलब्धता आने वाले वर्षों में टेक्नोलॉजी आधारित इंडस्ट्रीज के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।

पावर सेक्टर और डेटा सेंटर्स

पावर सेक्टर बजट का एक और अहम फोकस एरिया रहा। सरकार ने डेटा सेंटर्स और AI से जुड़ी एनर्जी-इंटेंसिव इंडस्ट्रीज के लिए भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर इंसेंटिव और निवेश समर्थन की बात कही है।

जैसे-जैसे डेटा सेंटर्स का विस्तार होगा, वैसे-वैसे पावर इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश की जरूरत भी बढ़ेगी।

PSU एसेट रीसाइक्लिंग और REITs का रोल

बजट में सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज की एसेट रीसाइक्लिंग को REITs के जरिए आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे सरकार और कंपनियों को नए निवेश के लिए पूंजी जुटाने में मदद मिल सकती है।

साथ ही, इससे संस्थागत और रिटेल निवेशकों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।

फाइनेंशियल मार्केट्स को गहराई देने की पहल

सरकार ने फाइनेंशियल मार्केट्स को मजबूत बनाने के लिए भी कई कदम सुझाए हैं। इसमें कॉरपोरेट बॉन्ड मार्केट के लिए मार्केट-मेकिंग फ्रेमवर्क और स्वैप्स जैसे नए इंस्ट्रूमेंट्स शामिल हैं।

एनालिस्ट्स का मानना है कि इन उपायों से लिक्विडिटी बेहतर होगी, फंडिंग की लागत घटेगी और कंपनियों के लिए पूंजी जुटाना आसान हो सकता है।

प्राइवेट इनवेस्टमेंट को मिलेगा सहारा?

किसी भी बजट की असली परीक्षा एग्जीक्यूशन और टाइमलाइन पर होती है। लेकिन बजट 2026 में बढ़ा हुआ कैपेक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और मैन्युफैक्चरिंग-केंद्रित पहलें यह संकेत देती हैं कि सरकार सार्वजनिक निवेश को कॉरपोरेट ग्रोथ के अगले चरण का ट्रिगर बनाना चाहती है।

अगर यह रणनीति जमीन पर सही तरीके से उतरती है, तो आने वाले वर्षों में पब्लिक और प्राइवेट दोनों तरह के निवेश को मजबूती मिल सकती है।

Income Tax Slab Budget 2026 Live: बजट में टैक्स को लेकर क्या-क्या हुए बड़े ऐलान? इनकम टैक्स से लेकर स्टैंडर्ड डिडक्शन तक, जानिए पूरी डिटेल्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।