8 बजट, 8 साड़ियां, 8 सपने: हर बार निर्मला सीतारमण की साड़ी यूनियन बजट के बारे में कुछ कहती है

हर साल यूनियन बजट में वित्तमंत्री बड़े ऐलान करती आई हैं। रिफॉर्म्स से जुड़े उनके बड़े फैसलों की हर बार खूब चर्चा होती है। साथ ही बजट पेश करने के दौरान वह जिस साड़ी में नजर आती हैं, उसमें भी लोगों की दिलचस्पी रहती है। वह हाथ से बुनी साड़ियां पहनती आई हैं

अपडेटेड Jan 28, 2026 पर 2:35 PM
Story continues below Advertisement
1 फरवरी, 2025 को निर्मला सीतारमण गोल्डन बॉर्डर वाली ऑफ-व्हाइट (हल्का सफेद) साड़ी में नजर आईं थीं।

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को 9वीं बार यूनियन बजट पेश करेंगी। इस पर टैक्सपेयर्स, उद्योग जगत, किसान, महिलाओं और युवाओं सहित सभी वर्गों की करीबी नजरें हैं। हर साल यूनियन बजट में वित्तमंत्री बड़े ऐलान करती आई हैं। रिफॉर्म्स से जुड़े उनके बड़े फैसलों की हर बार खूब चर्चा होती है। साथ ही बजट पेश करने के दौरान वह जिस साड़ी में नजर आती हैं, उसमें भी लोगों की दिलचस्पी रहती है। वह हाथ से बुनी साड़ियां पहनती आई हैं, जो उनके सांस्कृतिक जुड़ाव, क्षेत्रीय गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।

यूनियन बजट 2025: गोल्डन बॉर्डर वाली सफेद साड़ी

1 फरवरी, 2025 को निर्मला सीतारमण गोल्डन बॉर्डर वाली ऑफ-व्हाइट (हल्का सफेद) साड़ी में नजर आईं। इस पर मधुबनी प्रिंट था। साड़ियों की उनकी पसंद से हाथ से बुनी हुई साड़ियों और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से उनके लगाव का पता चलता है। वह साड़ी उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित दुलारी देवी ने उपहार में दिया था। देवी बिहार की मशहूर मधुबनी आर्टिस्ट रही हैं। उन्होंने यह साड़ी निर्मला सीतारमण को तब उपहार में दिया था, जब वह एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मधुबनी स्थिति मिथिला आर्ट इंस्टीट्यूट गई थीं। दुलारी देवी ने सीतारमण से बजट के दिन उस साड़ी को पहनने का अनरोध किया था।

यूनियन बजट 2024: ऑफ-व्हाइट मंगलागिरी साड़ी


Union Budget 2024 पेश करने के दिन निर्मला सीतारमण ने ऑफ-व्हाइट मंगलागिरी साड़ी पहनी थीं, जिसका बॉर्डर गहरे गुलाबी रंग का था। यह साड़ी आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में बनती है। यह अपने प्लेन डिजाइन, आकर्षक लुक और साफ बॉर्डर के लिए मशहूर है। यूनियन बजट 2024 का फोकस भी आंध्र प्रदेश पर था। वित्तमंत्री ने राज्य के लिए कई परियोजनाओं का ऐलान बजट में किया था।

यूनियन बजट 2023: रेड सिल्क और टेंपल बॉर्डर्स

निर्मला सीतारमण ने 2023 में ब्लैक और गोल्ड टेंपल बॉर्डर वाली लाल सिल्क साड़ी पहनी थीं। इसे दक्षिण भारतीय स्टाइल का प्रतीक माना जाता है। इसके बॉर्डर पर बने डिजाइन में रथ, मोर और कमल के फूल बने होते हैं, जो परंपरा, ताकत और स्टैबिलिटी के प्रतीक माने जाते हैं। लाल रंग भी ताकत और एनर्जी का प्रतीक है।

यूनियन बजट 2022: ओडिशा की गहरी भूरी बोमकाई साड़ी

साल 2022 में बजट पेश करते वक्त निर्मला सीतारमण ने गहरी भूरी बोमकाई साड़ी पहनी थीं। यह ओडिशा के गंजम जिले के बोमकाई गांव में बनती हैं। इस पर सिल्वर जरी का काम होता है। इसके बॉर्डर का पैटर्न भी काफी आकर्षक होता है। इस साड़ी पर गंजम जिले की कला से समृद्ध विरासत का झलक मिलता है। इस साड़ी को पहन निर्मला सीतारमण ने ओडिशा की हैंडलूम की पंरपरा का सम्मान किया था।

यूनियन बजट 2021: तेलंगाना की रंगीन पोचमपल्ली इकत साड़ी

2021 का यूनियन बजट निर्मला सीतारमण ने तेलंगाना की रंगीन पोचमपल्ली इकत साड़ी पहनकर पेश किया था। यह साड़ी लाल, ऑफ-व्हाइट और हरे रंग मिश्रित रंग की थी। इसके जीवंत रंग सरकार के महत्वाकांक्षी इकोनॉमिक प्लान को बयां करते थे। खासकर तब देश कोविड का सामना कर रहा था।

यूनियन बजट 2020: ब्लू बॉर्डर के साथ चमकीली पीली सिल्क साड़ी

साल 2020 में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने चमकीली पीली सिल्क साड़ी पहनी थीं। इस साड़ी के हर रंग का कुछ खास मतलब था। पीला रंग ग्रोथ, उम्मीद और नई शुरुआत का प्रतीक है। ब्लू यानी नीला रंग स्टैबिलिटी और शांति का प्रतीक है। तब देश कोविड की महामारी का सामना कर रहा था। मुश्किल समय में सरकार का फोकस लोगों की उम्मीद बनाए रखने पर था।

यह भी पढ़ें: Budget 2026 Wishlist: निर्मला सीतारमण के यूनियन बजट से मिडिल क्लास को क्या-क्या उम्मीदें हैं? 

यूनियन बजट 2019: गुलाबी मंगलागिरी साड़ी में यादगार शुरुआत

निर्मला सीतारमण ने अपना पहला यूनियन बजट पेश करने के दौरान चमकीली गुलाबी मंगलागिरी सांड़ी पहनी थी। इसका बॉर्डर सुनहरा था। गुलाबी रंग नई शुरुआत का प्रतीक है। गोल्डन बॉर्डर भारत की समृद्ध विरासत को बयां करता था। उन्होंने तब बजट डॉक्युमेंट्स के लिए पारंपरिक ब्रीफकेस की जगह 'बही-खाता' के इस्तेमाल की भी शुरुआत की थी। उनका मकसद भारत की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक आर्थिक नीतियों के बीच संतुलन बनाना था।

यह भी पढ़ें: Income Tax Slab | Budget 2026 Expectations Live

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।