Get App

Assembly poll 2026 schedule: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल समेत 5 राज्यों में कब होंगे विधानसभा चुनाव? आज शाम 4 बजे तारीखों का होगा ऐलान

Assembly Elections 2026 Schedule: भारतीय चुनाव आयोग (ECI) आज यानी 15 मार्च को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों का पूरा शेड्यूल जारी कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम चार बजे चुनाव आयोग तारीखों के ऐलान के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Mar 15, 2026 पर 10:34 AM
Assembly poll 2026 schedule: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल समेत 5 राज्यों में कब होंगे विधानसभा चुनाव? आज शाम 4 बजे तारीखों का होगा ऐलान
Assembly Elections 2026: भारतीय निर्वाचन आयोग आज 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है

Assembly Elections 2026 Schedule: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) रविवार (15 मार्च) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों की घोषणा कर सकता है। इस साल पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग रविवार को इलेक्शन शेड्यूल की घोषणा करने वाला है।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी की सदस्यता वाला चुनाव आयोग रविवार शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेगा। पश्चिम बंगाल में पिछली बार 8 चरणों में विधानसभा चुनाव हुए। 2 मार्च 2021 को चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद, पहले चरण में 27 मार्च, दूसरे में एक अप्रैल, तीसरे में 6 अप्रैल, चौथे चरण में 10 अप्रैल, 5वें चरण में 17 अप्रैल, छठे चरण में 22 अप्रैल, 7वें चरण में 26 अप्रैल और 8वें चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था।

जबकि 2 मई को विधानसभा चुनावों की घोषणा की गई। इसमें टीएमसी फिर से विजयी रही। बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए पिछली बार 12 मार्च 2021 को चुनाव की अधिसूचना जारी की गई। राज्य में एक ही चरण में 6 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इसी दिन 140 सदस्यीय केरल विधानसभा और 30 सदस्यीय पुडुचेरी विधानसभा के लिए मतदान हुआ।

2021 में असम में तीन चरणों में चुनाव संपन्न कराए गए। पहले चरण में 27 मार्च, दूसरे में एक अप्रैल और तीसरे में 6 अप्रैल को मतदान हुआ। असम में विधानसभा की कुल 126 सीटें हैं। बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को पूरा हो रहा है। पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस का प्रयास अपनी सरकार को बरकरार रखना है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें