New Kendriya Vidyalayas in Bihar: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। पीएम मोदी की अगुवाई में बुधवार (1 अक्टूबर) को केंद्रीय कैबिनेट ने चुनावी राज्य बिहार में 19 नए केंद्रीय विद्यालय (KVS) खोलने की मंजूरी दे दी है। ये केंद्रीय विद्यालय सीतामढ़ी, कटिहार, भभुआ, मधुबनी, शेखपुरा, मधेपुरा, पटना, अरवल, पूर्णिया, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, दरभंगा, भागलपुर, नालंदा और गया में खोले जाएंगे। सरकार के इस फैसले से बिहार में एजुकेशन को नई दिशा मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वेष्णव ने बताया कि इन विद्यालयों के खुलने से बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होगा। बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने इस फैसले लिए पीएम मोदी का धन्यवाद दिया है। उन्होंने X पर लिखा, "केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा झंझारपुर सहित पूरे बिहार में 19 केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति का ऐतिहासिक निर्णय...यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्रीय कैबिनेट ने देशभर में 57 नये केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति दी है, जिनमें से 19 बिहार में खुलेंगे। मुझे प्रसन्नता है कि मधुबनी जिला में दो केन्द्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिली है जिसमे से एक केन्द्रीय विद्यालय झंझारपुर और दूसरा मधुबनी में संचालित होगा।"
उन्होंने आगे लिखा, "वर्तमान में बिहार में 16 केन्द्रीय विद्यालय संचालित हैं और इन 19 नए केन्द्रीय विद्यालयों की स्वीकृति से अब बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव हो सकेगा। यह निर्णय बिहार के शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। इस ऐतिहासिक निर्णय हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक आभार।"
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए बुधवार को मंजूरी दी। इससे 86 हजार से अधिक छात्र लाभान्वित होंगे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन 57 नए केंद्रीय विद्यालयों में से सात केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा और शेष राज्य सरकारों द्वारा प्रायोजित किए जाएंगे। इनमें 20 केंद्रीय विद्यालयों को ऐसे जिलों में खोलने का प्रस्ताव है, जहां महत्वपूर्ण संख्या के बावजूद वर्तमान में कोई केंद्रीय विद्यालय नहीं है।
इन 57 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के लिए 2026-27 तक 9 वर्षों की अवधि में कुल 5862.55 करोड़ रुपये की धनराशि की अनुमानित आवश्यकता है। वर्तमान में कुल 1,288 केंद्रीय विद्यालय हैं, जिनमें तीन विदेश स्थित मास्को, काठमांडू और तेहरान शामिल हैं। इनमें कुल छात्र लगभग 13.62 लाख हैं। दिसंबर 2024 में स्वीकृत 85 केंद्रीय विद्यालयों के साथ आगे बढ़ते हुए, इस प्रस्ताव में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जा रहा है। बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में यह फैसला काफी महत्वपूर्ण है।