बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होते जा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों बिहार में SIR के विरोध में "वोटर अधिकार यात्रा" निकाल रहे हैं। इस यात्रा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। लेकिन इस यात्रा को लेकर JDU ने करारा हमला बोला है।
JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर बिहार में "लालू राज" होता, तो राहुल गांधी एक दिन में पटना से दरभंगा तक भी नहीं पहुंच पाते। उन्होंने निशाना साधते हुए आगे कहा कि आज राहुल गांधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर यात्रा कर पा रहे हैं, तो यह नीतीश कुमार की बनाई गई सड़कों की वजह से संभव हुआ है।
संजय झा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "जब नीतीश कुमार 2005 में मुख्यमंत्री बने, तब उन्हें "बर्बाद बिहार" की विरासत मिली थी। उस समय बिहार की हालत बेहद खराब थी। लेकिन नीतीश कुमार ने अपने कुशल नेतृत्व में इसे संभाला और आज विकास की नई तस्वीर पेश की।" उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता को अब भी नीतीश कुमार पर पूरा भरोसा है और अगला चुनाव भी उनके ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
इसी कड़ी में उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार को महाराष्ट्र या गुजरात जैसा "सेट राज्य" नहीं मिला था। यहां सबकुछ जमीनी स्तर पर बिगड़ा हुआ था। लेकिन पिछले 20 सालों में नीतीश सरकार ने शिक्षा, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में कई काम किए।
वहीं संजय झा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा महिला पुलिसकर्मी भर्ती की गईं। बड़ी संख्या में शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की बहाली हुई है।
इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला और कहा कि उनके माता-पिता 15 साल तक सत्ता में रहे, लेकिन न तो रोजगार दिया, न सड़कें बनवाईं और न ही बिजली की समस्या दूर की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अब रोजगार की बातें करते हैं, लेकिन जब कुछ दिनों के लिए उन्हें सरकार में रहने का मौका मिला, तो वे जनता के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। इसी वजह से महागठबंधन की सरकार टूट गई।
संजय झा ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता केवल आरोप लगाना जानते हैं। आज वे सड़कों पर बुलेट दौड़ा रहे हैं, लेकिन ये सड़कें अगर नीतीश कुमार ने नहीं बनवाई होतीं, तो यह संभव नहीं होता।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म हो रहा है। महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव और राहुल गांधी सरकार पर हमलावर हैं, वहीं JDU और बीजेपी नेता नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को जनता के सामने रख रहे हैं।
एक ओर राहुल गांधी 'वोट चोरी' रोकने की बात कर रहे हैं, वहीं JDU और BJP इसे बस चुनावी स्टंट बता रहे हैं।