Bihar Assembly Election 2025: बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के वास्ते इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के घटक दलों ने गुरुवार (17 अप्रैल) को एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें विधानसभा चुनाव के वास्ते एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर विचार-विमर्श करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में एक समन्वय समिति का गठन किया। पटना के RJD कार्यालय में राज्य में महागठबंधन के सभी सहयोगी दलों की बैठक में इसका निर्णय लिया गया।
बिहार में महागठबंधन में RJD, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विकासशील इंसान पार्टी के मुखिया मुकेश सहनी बैठक में शामिल हुए थे।
लेकिन हाल ही में NDA का साथ छोड़ने वाले राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस को बुलावा नहीं भेजा गया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने सोमवार को घोषणा की थी कि उनकी पार्टी RLSP अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा नहीं है। NDA ने उनके भतीजे चिराग पासवान का साथ देने का फैसला किया है।
हाल-फिलहाल में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से कई बार मुलाकात कर चुके पारस ने हालांकि अपने पत्ते नहीं खोले। उन्होंने कहा, "मैं बाकी 16 जिलों का दौरा भी जल्द पूरा करना चाहता हूं और राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करना चाहता हूं।"
ऐसी अटकले है कि वह महागठबंधन में जाने की कोशिश कर रहे हैं। सहनी तेजस्वी यादव से बेहद करीबी माने जाते हैं। लोकसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के साथ वह साये की तरह घूमते नजर आए थे। इसलिए, वह महागठबंधन की बैठक में बुलाए गए।
VIP ने की 60 सीटों की मांग
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में 243 में से 60 सीटों की मांग की है। सहनी की VIP ने 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान भी कर दिया है।
बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, "आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त रणनीति और न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के लिए महागठबंधन के सहयोगी दलों ने सर्वसम्मति से एक समन्वय समिति गठित करने का निर्णय लिया। मुझे समिति का अध्यक्ष चुना गया है।"
RJD नेता ने कहा कि समिति बिहार के लोगों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अभियान की रणनीति, सीट बंटवारे की व्यवस्था और गठबंधन सहयोगियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी चर्चा करेगी।
चुनाव के लिए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, "चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। इस संबंध में उचित समय पर आपके साथ जानकारी साझा की जाएगी।" बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में NDA सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा और आक्रोश है।