Bihar Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने के मामले ने बिहार की सियासत में तुफान ला दिया है। इस विवाद को लकर बीजेपी कार्यकर्ता पटना के सड़क पर उतर आए और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कुर्जी हॉस्पिटल से कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम तक निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल रहीं। इस प्रदर्शन में बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी और नीतिन नवीन भी शामिल थे।
प्रदर्शन के दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए। सदाकत आश्रम के पास जुटे बीजेपी कार्यकर्ता नारेबाज़ी करते हुए कांग्रेस दफ्तार की ओर बढ़े। इस बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच मार-पीट कि स्थिति बन गई। देखते ही देखते माहौल इतना गर्मा गया कि लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे।
वहीं, कांग्रेस दफ्तार के बाहर खड़े एक ट्रक और तीन कारों के शीशे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने फोड़ दिए। अंदर मौजूद कर्मचारियों ने विरोध किया तो स्थिति और बिगड़ गई। भिड़ंत में कांग्रेस सेवादल के मंत्री विपिन झा और पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज़ अहमद का सर फट गया और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दिनेश शंकर दास समेत कई अन्य कर्मचारियों को भी चोटें आईं है।
करीब आधे घंटे तक बवाल मचने के बाद पुलिस बड़ी संख्या में मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। हालांकि, कांग्रेस दफ्तर पर हुए हमले और तोड़फोड़ को लेकर दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। जबकि बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले उकसाया।
हालांकि, पीएम मोदी को गाली देने वाले मामले में दरभंगा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को देर रात छापेमारी कर पकड़ लिया है। सिमरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। बावजूद इसके, बीजेपी नेताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी तक ने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला है।
दरअसल, बुधवार को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र के सिमरी पहुंची थी। यहां कांग्रेस नेता नौशाद आलम की ओर से एक मंच तैयार किया गया था। इसी मंच से आरोपी मोहम्मद रिजवी ने सार्वजनिक रूप से पीएम मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द कहे थे। जिसके बाद इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। विवाद बढ़ा तो नौशाद ने सफाई देते हुए माफी भी मांगी, लेकिन तब तक माहौल गरम हो चुका था।
बीजेपी ने इसे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी से जोड़ते हुए दोनों नेताओं पर सीधा हमला बोला। पार्टी नेताओं ने कहा कि मंच कांग्रेस का था। वहां से गाली दी गई, इसलिए राहुल-तेजस्वी को देश और बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
यह विवाद ऐसे समय में हुआ है जब बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। महागठबंधन की ओर से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अपनी 'वोटर अधिकार यात्रा' के जरिए जनता को साधने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, BJP इस मुद्दे को लेकर हमला करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह विवाद आने वाले चुनावी समीकरणों पर सीधा असर डाल सकता है।