Bihar Assembly Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के मंच से अपशब्द कहे जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 4 सितंबर को आधे दिन के लिए 'बिहार बंद' की घोषणा की है। BJP ने 4 सितंबर को दोपहर 1 बजे तक 'बिहार बंद' का ऐलान किया है। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी पार्टियों की महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पूरे बिहार में कांग्रेस और RJD के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेंगी।
बीजेपी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फेंस में बताया कि प्रदर्शन के दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। उन्हें कोई परेशान नहीं करेगा। बिहार में INDIA ब्लॉक के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दी गई थी। यह मामला अब काफी आगे बढ़ गया है।
इसी के विरोध में अब NDA ने 'बिहार बंद' की अपील की है। NDA ने सभी लोगों से 4 सितंबर को बिहार बंद में शामिल होने की अपील की है। इस बंद के तहत 4 सितंबर को सुबह 7 बजे से 12 बजे तक बंद रहेगा। पूरे राज्य में महिला कर्यकर्ता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेंगी।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि बिहार में कांग्रेस की हाल में संपन्न हुई 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान उनकी मां को अपशब्द कहे जाने से उन्हें गहरा दुख हुआ है। PM मोदी ने कहा कि इसके लिए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस को वह भले ही माफ कर दें। लेकिन बिहार के लोग उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
पीएम मोदी ने दरभंगा में हाल में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान उनकी दिवंगत मां को अपशब्द कहे जाने से पैदा हुए विवाद पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी मां को अपशब्द कहना उन लोगों के लिए बड़ी बात नहीं है जो 'भारत माता' का अपमान करते हैं और उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मेरी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था तो उनका क्या दोष था। उनके लिए अपशब्द क्यों कहे गए?" प्रधानमंत्री ने बिहार में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए एक नई सहकारी पहल का डिजिटल तरीके से उद्घाटन करने के मौके पर दिल्ली में एक सभा को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं।
उन्होंने कांग्रेस सहयोगी RJD पर हमला करते हुए कहा कि लालू प्रसाद की पार्टी महिलाओं से बदला लेना चाहती है क्योंकि बिहार में उसकी सरकार उन्हीं की वजह से सत्ता से बाहर हुई थी। PM मोदी ने कहा, "माताओं को अपशब्द कहने वाले लोगों की सोच यही होती है कि महिलाएं कमजोर होती हैं। मेरी मां को अपशब्द कहना बिहार की बेटियों और बहनों का अपमान है।"