PM Modi Bihar Visit: पीएम मोदी ने बिहार को दी ₹10000 करोड़ की सौगात, पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ

PM Modi Bihar Visit: बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 400 करोड़ रुपये से अधिक की नई वैशाली-देवरिया रेलवे लाइन परियोजना का उद्घाटन किया। इस रूट पर एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा, पीएम मोदी उत्तर बिहार में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए पाटलिपुत्र (पटना) से मुजफ्फरपुर एवं बेतिया से होते हुए गोरखपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई

अपडेटेड Jun 20, 2025 पर 1:15 PM
PM Modi Bihar Visit: पीएम मोदी ने शुक्रवार (20 जून) को 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (20 जून) बिहार के दौरे पर हैं। उन्होंने बिहार को करीब 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात दी है, जिसमें पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ भी शामिल है। इन योजनाओं में राम-जानकी पथ, वंदे भारत ट्रेन, रेल इंजन का निर्यात, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट आदि का लाभ बिहार की करोड़ों जनता को मिलेगा। इन प्रोजेक्ट के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने सिवान में एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान बिहार सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद थे।

रेलवे बोर्ड में सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक (EDIP) दिलीप कुमार ने कहा, "वंदे भारत एक्सप्रेस, नमो भारत रेपिड रेल और अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेल की आधुनिक परिवहन व्यवस्था की त्रिवेणी है। इसी त्रिवेणी को और मजबूत बनाने के लिए एक और नए वंदे भारत की शुरुआत हो रही है। इस ट्रेन का परिचालन पाटलिपुत्र और गोरखपुर के बीच किया जाएगा। करीब 7 घंटे में दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी को तय किया जाएगा। यह कुछ ऐसे इलाकों से गुजरेगी जहां वंदे भारत का परिचालन नहीं होता है।"

बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 400 करोड़ रुपये से अधिक की नई वैशाली-देवरिया रेलवे लाइन परियोजना का उद्घाटन किया। इस रूट पर एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा, पीएम मोदी उत्तर बिहार में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए पाटलिपुत्र (पटना) से मुजफ्फरपुर एवं बेतिया से होते हुए गोरखपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।


पीएम मोदी ने गिनी गणराज्य को निर्यात के लिए मरहोरा प्लांट में निर्मित अत्याधुनिक रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाई। यह इस कारखाने में बना पहला रेल इंजन है, जिसे निर्यात किया जाना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने नमामि गंगे परियोजना के तहत 1,800 करोड़ रुपये से अधिक लागत के छह सीवेज ट्रिटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उद्घाटन किया। इससे क्षेत्र के लोगों की जरूरतें पूरी होंगी।

पीएम मोदी ने बिहार के विभिन्न शहरों में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जलापूर्ति और स्वच्छता परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसका उद्देश्य कई शहरों के नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बिहार में 500 मेगावाट क्षमता की बैटरी एनर्जी भंडारण सिस्टम (BESS) की आधारशिला भी रखी। राज्य में 15 ग्रिड सबस्टेशनों पर स्टैंडअलोन बीईएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। इन सबस्टेशनों में मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया और सीवान में स्थित सबस्टेशन शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Air India Flights Cancels: एयर इंडिया की विमान में फिर आई तकनीकी खराबी, एक दिन में 8 फ्लाइट कैंसिल

पीएम मोदी ने बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी (PMAY-U) के 53,600 से अधिक लाभार्थियों को पहली किस्त भी जारी की। उन्होंने PMAY-U परियोजना के तहत पूरे हो चुके 6,600 से अधिक मकानों के गृह प्रवेश समारोह के मौके पर कुछ लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा, "जब से NDA को मौका मिला बिहार में बहुत काम हुआ है। हमसे पहले जो लोग थे उनसे पूछना चाहिए कि पहले क्या हाल था? पहले लोग घर से बाहर नहीं निकल पाते थे। आज इतनी बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात को सुनने पहुंचे हैं। आज महिलाएं घर से निकल रही हैं। हमने महिलाओं के लिए बहुत काम किया है। हमने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया और राज्य में पुल-पुलिया का निर्माण कराया।"

ये भी पढ़ें- चुनाव से पहले पीएम मोदी का बिहार को तोहफा! पटना से गोरखपुर के बीच इस दिन से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, जानें डिटेल्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।