Bihar Election 2025: 'मिशन बिहार' पर राहुल गांधी, बेगूसराय में 'पलायन रोको नौकरी दो' पदयात्रा में हुए शामिल

Bihar Elections 2025: राहुल गांधी की पदयात्रा के दौरान कन्हैया कुमार और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार सहित कई पार्टी नेता भी उनके साथ मौजूद थे। कांग्रेस और उसकी छात्र एवं युवा शाखा के बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पदयात्रा में भाग लिया। उन्होंने पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर रक्षा बलों में खाली पदों को तत्काल भरने की मांग की

अपडेटेड Apr 07, 2025 पर 12:59 PM
Bihar Elections 2025: कांग्रेस और उसकी छात्र एवं युवा शाखा के बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पदयात्रा में भाग लिया

Bihar Elections 2025: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार (7 अप्रैल) को कांग्रेस की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा में शामिल हुए। सफेद टी-शर्ट पहने गांधी ने बेगूसराय शहर में पदयात्रा में भाग लिया। इस दौरान कन्हैया कुमार और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार सहित कई पार्टी नेता भी उनके साथ मौजूद थे। कांग्रेस और उसकी छात्र एवं युवा शाखा के बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पदयात्रा में भाग लिया। उन्होंने पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर रक्षा बलों में खाली पदों को तत्काल भरने की मांग की।

इससे पहले दिन में राहुल गांधी पटना से बेगूसराय पहुंचे, जहां जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राजेश कुमार और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। बाद में वह 'संविधान सुरक्षा सम्मेलन' को संबोधित करने के लिए पटना लौटेंगे। इसके बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए पटना में बिहार कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम जाएंगे।

यह जनवरी के बाद से राहुल गांधी का तीसरा बिहार दौरा है। उन्होंने जनवरी में पार्टी कार्यकर्ताओं से इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी को वैचारिक रूप से पराजित करने का आग्रह किया था। रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने X पर एक मिनट का वीडियो संदेश शेयर किया जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया।


उन्होंने वीडियो में कहा, "हमारा उद्देश्य बिहार के युवाओं की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करना है। ये युवा देख रहे हैं कि सरकारी नौकरियां दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही हैं और निजीकरण से कोई लाभ नहीं हो रहा। अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।"

राज्य में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों बाद होने हैं। इन चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Exim Bank Vacancy 2025: सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर, इंडिया एग्जिम बैंक में निकली बंपर भर्ती, ऐसे करें अप्लाई

बेगूसराय कन्हैया कुमार का गृह जिला भी है। वह पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले से शुरू हुई पदयात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बिहार में इस साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।