Credit Cards

'AAP ने बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का फर्जी Aadhaar बनाने का पाप किया': CM योगी ने केजरीवाल को घेरा

Delhi Assembly Elections 2025: राजेंद्र नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसाने के लिए उनके फर्जी आधार कार्ड बनाने का पाप किया। उन्होंने AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी पर 'तुष्टिकरण की राजनीति' करने का आरोप लगाया

अपडेटेड Jan 28, 2025 पर 7:47 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Elections 2025: सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि AAP ने बांग्लादेशी घुसपैठियों का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर 'पाप' किया है

Delhi Assembly Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (28 अक्टूबर) को दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) पर अवैध प्रवासियों के लिए 'फर्जी आधार कार्ड' बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली AAP ने बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर 'पाप' किया है।

दिल्ली के राजेंद्र नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुएसीएम योगी ने कहा कि AAP ने बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसाने के लिए उनके फर्जी आधार कार्ड बनाए। उन्होंने 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए प्रचार करते हुए अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में रोहिंग्याओं और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की संरक्षक है। AAP को भ्रष्टाचार और अराजकता का प्रतीक करार देते हुए सीएम आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय राजधानी के लोगों से बीजेपी की "डबल इंजन वाली सरकार" के लिए वोट देने की अपील की। उन्होंने केजरीवाल को चुनाव से पहले नोएडा और गाजियाबाद के इंफ्रास्ट्रक्चर को देखने की भी अपील की।


उन्होंने कहा कि AAP सरकार ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और दिल्ली से मेरठ तक रैपिड रेल प्रोजेक्ट बनाने में सहयोग करने से इनकार कर दिया। सीएम योगी ने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं के लिए दिल्ली के लोग गाजियाबाद और नोएडा का रुख कर रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है। उन्होंने कहा, "देश के अंदर आजाद भारत की यह पहली राज्य सरकार है। यह पहली पार्टी है जिस पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज हो रखा है। न केवल इनके नेता बल्कि आम आदमी पार्टी स्वयं ही भ्रष्टाचारी है।"

इसके अलावा सीएम योगी ने आगे कहा, "ये लोग (कांग्रेस और AAP) वक्फ को बढ़ावा देते हैं। हम वक्फ माफिया पर शिकंजा कसेंगे। जहां रुमाल रखो, वहीं वक्फ की संपत्ति हो गई। इसके लिए पैसा लगाने वाला है। इसलिए कांग्रेस और AAP भाईजान के सामने आने वाले संकट से चिंतित हैं।"

उन्होंने दिल्ली में "बदबूदार यमुना" को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा। सीएम ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान संगम पर अपनी डुबकी का जिक्र करते हुए कहा, "अगर आपमें नैतिक साहस होता, तो आप AAP सरकार के मंत्रियों के साथ यमुना में डुबकी लगाते।" जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2025 का जनवरी माह भव्य और दिव्य महाकुंभ के लिए और 2024 का जनवरी माह एक भव्य और दिव्य अयोध्या के लिए जाना जाता है।

वहीं, मंगोलपुरी विधानसभा क्षेत्र में एक अन्य जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मैं आपको एक उदाहरण देना चाहता हूं। एक श्रमिक कल्याण बोर्ड होता है, उस बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के कल्याण पर पैसा खर्च किया जाता है। आम आदमी पार्टी ने यहां के व्यापारियों को, नागरिकों का और उन गरीब श्रमिकों का भी शोषण किया है।"

ये भी पढ़ें- 'मुल्क के हालत बहुत खराब हैं': दिल्ली चुनाव में बदरुद्दीन अजमल ने अरविंद केजरीवाल का किया समर्थन, BJP बोली- 'दूध का दूध, पानी का पानी'

सीएम योगी ने कहा "याद करिए, 2013 में जब श्री अन्ना हज़ारे के नेतृत्व में दिल्ली के अंदर जन लोकपाल बिल के लिए लंबा आंदोलन चल रहा था। आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनलोकपाल के मुद्दे को एक तरफ फेंक दिया।" दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होना है और आठ को नतीजे आएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।