'मोदी जी इस जन्म में तो आप हमें नहीं हरा सकते': AAP की करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल का पुराना वीडियो वायरल, यूजर्स ने लिए मजे

Delhi Election Results 2025: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में 4,089 मतों के अंतर से हरा दिया है। यह सत्तारूढ़ पार्टी के लिए बहुत बड़ा झटका है। इतना ही नहीं AAP में नंबर दो के नेता पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी तरविंदर सिंह मारवाह से चुनाव हार गए है

अपडेटेड Feb 08, 2025 पर 5:42 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Election Results 2025: आम आदमी पार्टी की अपने गढ़ दिल्ली में शर्मनाक हार हुई है

Delhi Assembly Election Results 2025: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार (8 फरवरी) को दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की हार स्वीकार कर ली। एक वीडियो संदेश में AAP प्रमुख ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) 70 में से 48 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि AAP को 23 सीट पर ही संतोष करना पड़ता दिख रहा है।

AAP प्रमुख केजरीवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया क्रमश: BJP के प्रवेश वर्मा और तरविंदर सिंह मारवाह से चुनाव हार गए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री आतिशी ने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को हराकर कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है।

इस बीच, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस जन्म में तो आम आदमी पार्टी को नहीं हरा पाएंगे।


दिल्ली में 2023 में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा था, "उनका इरादा AAP सरकार को गिराने का है और नरेंद्र मोदी जी इस तरह से दिल्ली में सरकार बनाना चाहते हैं। वे जानते हैं कि वे हमें चुनाव के जरिए नहीं हरा सकते। मैं नरेंद्र मोदी जी से कहना चाहता हूं कि आप हमें इस जन्म में तो नहीं हरा सकते। हमें दिल्ली में हराने के लिए आपको दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।"

अरविंद केजरीवाल का यह वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर अरविंद केजरीवाल का मजे ले रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 41 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी 7 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने कुल 20 सीटें जीत ली हैं और दो अन्य पर आगे चल रही है।

AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए हैं। केजरीवाल नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा से 4,089 मतों के अंतर से हार गए। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट पर भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह से 675 मतों से हार गए।

ये भी पढे़ं- 'अरविंद केजरीवाल अब तिहाड़ जेल जाएंगे': AAP की शर्मनाक हार पर BJP नेता का तंज, बताया कौन होगा दिल्ली का सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा ने पत्रकारों से कहा कि उनकी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की जनता को जाता है। भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत के बाद 27 वर्षों से अधिक समय के बाद दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।