Delhi Election 2025 Live: अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर लगाया बड़ा आरोप, बोले- AAP उम्मीदवारों को 15 करोड़ रुपये कर रही पेशकश
आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आठ फरवरी को आने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को खरीदने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने गुरुवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के 16 उम्मीदवारों को BJP की ओर से मंत्री पद और पार्टी बदलने पर 15-15 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव मिला है। केजरीवाल ने अपने पोस्ट में कहा, "कुछ एजेंसियां दिखा रही हैं कि गाली गलौज पार्टी की 55 से ज्यादा सीट आ रही हैं। पिछले दो घंटे में हमारे 16 उम्मीदवारों के पास फोन आ गए हैं कि AAP छोड़ के उनकी पार्टी में आ जाओ, मंत्री बना देंगे और हर एक को 15-15 करोड़ देंगे।" उन्होंने कहा, "अगर इनकी पार्टी की 55 से ज्यादा सीटें आ रहीं हैं तो हमारे उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है? जाहिर तौर पे ये फर्जी सर्वे करवाए ही इसलिए गए हैं ताकि ये माहौल बनाकर कुछ उम्मीदवारों को तोड़ा जा सके। पर गाली गलौज वालों, हमारा एक भी आदमी नहीं टूटेगा।" केजरीवाल के दावों को दोहराते हुए सुल्तानपुर माजरा से AAP उम्मीदवार और दिल्ली के मंत्री मुकेश अहलावत ने कहा कि उन्हें भी इस तरह का प्रस्ताव दिया गया था। अहलावत ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मैं मर सकता हूं, मेरे टुकड़े हो सकते हैं, लेकिन मैं अरविंद केजरीवाल को कभी नहीं छोड़ूंगा।" उन्होंने कहा, "मुझे बताया गया कि उनकी (BJP) सरकार बन रही है और अगर मैं AAP छोड़कर उनके साथ शामिल हो गया तो वे मुझे मंत्री बनाएंगे और 15 करोड़ रुपये देंगे। लेकिन केजरीवाल और आप ने मुझे जो सम्मान दिया है, मैं मरते दम तक अपनी पार्टी नहीं छोड़ूंगा।" इससे पहले दिन में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह BJP पर आरोप लगाया कि वह दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को घोषित होने से पहले, आप के सात उम्मीदवारों को पाला बदलने के लिए पैसों की पेशकश कर रही है। राज्यसभा सांसद ने कहा, "इससे साफ पता चलता है कि भाजपा ने नतीजों से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है और अब वह इस तरह के हथकंडे अपना रही है।"