Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली चुनाव आयोग ने रविवार (2 फरवरी) को आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार के दौरान AAP कार्यकर्ताओं को धमकाने और परेशान करने के आरोपों पर जवाब दिया। चुनाव आयोग ने कहा कि इन आरोपों के बारे में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पूर्वी सीएम अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर रविवार (2 फरवरी) को तीखा हमला करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही बीजेपी गुंडागर्दी पर उतर आई है। केजरीवाल ने चुनाव आयोग से उनके नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में विशेष पर्यवेक्षक तैनात करने की मांग की।
जिला चुनाव अधिकारी (DEO), नई दिल्ली ने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में AAP कार्यकर्ताओं को धमकाने और परेशान करने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोपों के बारे में अधिकांश मामलों में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, यह भी बताया गया है कि जब भी किसी राजनीतिक दल से इस तरह के आरोपों का हवाला देते हुए लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो ऐसे सभी मामलों की जांच अनिवार्य रूप से कानून और ईसीआई मानदंडों के अनुसार की जाती है। ऐसे सभी मामलों में ईसीआई मानदंडों के अनुसार उचित कार्रवाई या तो शुरू की जाती है या अनुशंसित की जाती है।
दिल्ली पोल बॉडी ने आगे कहा कि केजरीवाल द्वारा लिखित शिकायतों के संबंध में सभी मामलों में कानून अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई थी। पोल बॉडी ने कहा, "जहां तक स्वतंत्र पर्यवेक्षक के मुद्दे का सवाल है वहां पहले से ही सामान्य पर्यवेक्षक, एक्सपेंचर पर्यवेक्षक और पुलिस पर्यवेक्षक पहले से ही नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र सहित सभी चुनाव क्षेत्रों के लिए तैनात किए गए हैं।"
केजरीवाल ने चुनाव आयोग से नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की थी, जहां से वह चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल को सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। उन्होंने रविवार को AAP के प्रचार वाहन को घेरने और पार्टी के पोस्टर फाड़ने की शिकायत की।
अरविंद केजरीवाल के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त देवेश महला ने कहा कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। AAP के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने X पर एक वीडियो शेयर किया। उसमें कुछ लोग पार्टी की प्रचार वैन के चारों ओर लगे पोस्टर को फाड़ते और वाहन के शीशे को तोड़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
सिंह ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग का कार्यालय नई दिल्ली में है, लेकिन वह कुछ भी देखने या सुनने में असमर्थ है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग कोमा में है। AAP सांसद ने कहा कि अगर बीजेपी जीतती है, तो वह दिल्ली को बर्बाद कर देगी। पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी X पर घटना का वीडियो शेयर किया।
केजरीवाल के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, पुलिस उपायुक्त ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर कहा कि संबंधित पुलिस थाने में कोई पीसीआर कॉल या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। डीसीपी ने कहा, "यह अनुरोध किया जाता है कि पुलिस थाने में एक औपचारिक शिकायत दर्ज की जाए और हम सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें पांच फरवरी के विधानसभा चुनाव में हार का एहसास हो गया है। इसका असर उनकी भाषा और मानसिक स्थिति पर पड़ा है। बता दें कि नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला है। वहां पूर्व मुख्यमंत्री को बीजेपी के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि AAP पांच फरवरी को होने वाले चुनावों में निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता, विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हताश हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव पांच फरवरी को होंगे और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे। AAP का दिल्ली में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य है। जबकि बीजेपी 25 साल से अधिक समय के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता पर काबिज होना चाहती है।