Delhi Election: दिल्ली की CM आतिशी ने छोड़ दिया पद, LG सक्सेना को सौंप दिया त्यागपत्र
Delhi Election: आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और दिल्ली की सीएम आतिशी आज (9 फरवरी 2025) अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी की ओर से अभी तक सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया गया है
Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को सिर्फ 22 सीटें मिली हैं। वहीं बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है।
दिल्ली की सीएम और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी आज (9 फरवरी 2025) सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। आतिशी सुबह 11 बजे एलजी सचिवालय पहुंचकर इस्तीफा सौंप दिया है। आतिशी ने कालकाजी सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रमेश बिधूड़ी को 3,521 वोटों से हराया था, हालांकि, दिल्ली चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी के कई बड़े चेहरों को हार का मुह देखना पड़ा है। यहां तक कि पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल खुद ही अपनी सीट गंवा बैठे हैं।
आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जैसे वरिष्ठ नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 48 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं आम आदमी पार्टी को सिर्फ 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है।
राजनीति में आतिशी का अब तक का सफर
साल 2015 में आतिशी को तत्कालीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का सलाहकार नियुक्त किया गया था। आतिशी एजुकेशन सिस्टम को सुधारने और बुनियादी ढांचे की चुनौतियों से निपटने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार के साथ काम कर रहीं थीं। वह पार्टी की प्रवक्ता और इसकी राजनीतिक मामलों की समिति की सदस्य भी थीं। फिर साल 2019 में, उन्होंने पूर्वी दिल्ली सीट से भाजपा के गौतम गंभीर के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अगले साल दिल्ली चुनाव में, उन्होंने कालकाजी विधानसभा सीट जीती। उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में कई विभागों को कामकाज संभाला।
सितंबर 2024 में आतिशी ने संभाला सीएम की कमान
इस बीच अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले मामले में जेल चले गए। जेल से आने के बाद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। फिर 21 सितंबर, 2024 को आतिशी को दिल्ली का सीएम पद सौंप दिया गया। इसके बाद 43 साल की आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं।
AAP के तीन मंत्री जीते
पार्टी के तीन मंत्री चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। AAP सरकार में मंत्री रहे गोपाल राय, मुकेश अहलावत और इमरान हुसैन ने अपनी सीटों पर जीत दर्ज की है। गोपाल राय ने बाबरपुर से 18,994 वोटों से, मुकेश अहलावत ने सुल्तानपुर माजरा से 17,126 वोटों से और इमरान हुसैन ने बल्लीमारान से 29,823 वोटों से जीत हासिल की है।