एक्सिस माई इंडिया के चेयरमैन प्रदीप गुप्ता ने गुरुवार को भविष्यवाणी की कि नई दिल्ली विधानसभा में बीजेपी सबसे लोकप्रिय पार्टी है, जहां आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का मुकाबला बीजेपी के परवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। सर्वे एजेंसी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में BJP को 48 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 50 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है, जबकि AAP 42 प्रतिशत वोट शेयर के साथ केवल 20 सीटें जीत सकती है।
प्रदीप गुप्ता ने CNN-News18 को बताया कि उनकी एजेंसी सीट-दर-सीट प्रोजेक्शन नहीं करती है, बल्कि यह बताती है कि किसी मोस्ट पॉपुलर सीट पर कौन सी पार्टी सबसे लोकप्रिय है।
अगर BJP वास्तव में नई दिल्ली विधानसभा सीट पर सबसे लोकप्रिय साबित होती है, तो ये पहली बार होगा कि अरविंद केजरीवाल लगातार तीन बार से जीतते आ रहे अपनी ये सीट गंवा सकते हैं।
ये कुछ-कुछ साल 2013 जैसा मामला भी हो सकता है, जब अरविंद केजरीवाल ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया था।
बाकी पॉपुलर सीटों का क्या हाल?
गुप्ता ने भविष्यवाणी की कि आम आदमी पार्टी (AAP) कालकाजी, बाबरपुर और ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्रों में सबसे लोकप्रिय बनी हुई है, जबकि BJP को जंगपुरा में भी यही स्थिति हासिल है।
उन्होंने कहा, कालकाजी में AAP और BJP दोनों लोकप्रिय हैं, जहां से मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव लड़ रही हैं, लेकिन AAP को थोड़ी बढ़त हासिल है। जंगपुरा में BJP को AAP पर थोड़ी बढ़त हासिल है, जहां मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ रहे हैं। ग्रेटर कैलाश में AAP को बीजेपी पर थोड़ी बढ़त हासिल है, लेकिन यह पार्टी के लिए पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है - यहां से सौरभ भारद्वाज चुनाव लड़ रहे हैं। बाबरपुर आम आदमी पार्टी के लिए सुरक्षित है, जहां से गोपाल राय चुनाव लड़ रहे हैं।"
इसका मतलब यह हो सकता है कि केजरीवाल और सिसोदिया जैसे AAP के बड़े नाम चुनाव हार सकते हैं। वे पहले AAP सरकार में सीएम और डिप्टी थे और कथित शराब घोटाले में उन्हें जेल जाना पड़ा था।