IPS Ajay Pal Sharma: सोशल मीडिया पर इस चारों 2011 बैच के IPS अजय पाल शर्मा के ही चर्चे हैं। पश्चिम बंगाल के चुनावी ड्यूटी पर तैनात IPS शर्मा ने वोटरों को कथित तौर पर डराने-धमकाने के मामले में TMC के एक उम्मीदवार को साफ तौर पर चेतावनी दे दी। यूपी के 'सिंघम' और 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के तौर पर मशहूर अजय पाल शर्मा फिलहाल बंगाल में चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस ऑब्जर्वर के तौर पर तैनात हैं। पहले ही दिन शर्मा उस इलाके में पहुंचे जहां के निवासियों ने शिकायत की थी कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान कथित तौर पर वोटरों को धमका रहे हैं।
बंगाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रविवार को IPS अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इस वीडियो में वह TMC प्रत्याशी और सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले जहांगीर खान के घर पर जाकर उनके कथित गुंडों को सख्त चेतावनी देते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में शर्मा को स्पष्ट रूप से धमकी देते हुए सुना गया।
IPS अजय पाल शर्मा ने वायरल वीडियो में कहा- "बोल देना जहांगीर को कायदे में रहे नहीं तो अच्छे से खबर ले लेंगे।" अजय पाल फिलहाल ज्वाइंट सीपी L&O प्रयागराज के पद पर तैनात हैं। चुनाव आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल में उन्हें पर्यवेक्षक बना कर भेजा है। शर्मा का एक वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोल दिया है। उन्होंने अधिकारी को सख्त अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। अखिलेश ने शर्मा को BJP का 'एजेंट' बताया।
अखिलेश यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों के नाम पर 'एजेंट' तैनात किए हैं। यादव ने यह भी कहा कि इन सबके बावजूद तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सत्ता में बनी रहेगी। सपा प्रमुख ने X पर अपने पोस्ट में लिखा, "BJP ने उत्तर प्रदेश के रामपुर और संभल जैसे स्थानों से पर्यवेक्षकों के नाम पर अपने आजमाए हुए एजेंट भेजे हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल नहीं होगा। ममता बनर्जी यहां हैं और दीदी ही रहेंगी।"
उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा, "सही समय पर BJP के एजेंडे को लागू करने वाले इन 'एजेंटों' की आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।" सपा नेता ने पोस्ट में आगे कहा, "लोकतंत्र का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।"
यादव ने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान में कहा, "उत्तर प्रदेश के कुख्यात 'सिंघम' और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चहेते 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' अजय पाल को निर्वाचन आयोग ने दक्षिण 24 परगना के लिए पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया है।"
TMC ने कहा, "यह वही अधिकारी हैं जो अपने ‘ठोक दो’ वाले रवैये के कारण कुख्यात रहे हैं।" तृणमूल ने कहा, "निर्वाचन आयोग बंगाल के लिए इसी तरह के निष्पक्ष पुलिस ऑब्जर्वर का चयन कर रहा है। जाहिर है, अब भ्रष्ट और आपराधिक रिकॉर्ड ही इस पद के लिए प्राथमिक योग्यता बन गया है।"
पार्टी ने यादव की पोस्ट को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा किया। पुलिस अधिकारी अजय पाल से संपर्क नहीं हो सका। लेकिन BJP नेता सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि आयोग ने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए तृणमूल समर्थक अधिकारियों को हटा दिया है।