West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद पर भाबनीपुर विधानसभा क्षेत्र में फर्जी मतदान कराने के लिए "सैकड़ों आर्टिफिशियल फिंगर" जुटाने का आरोप लगाया। वहीं, सत्ताधारी TMC ने इस आरोप का पुरजोर खंडन करते हुए इसे निराधार और बेबुनियाद बताया है।
मीडिया से बात करते हुए अधिकारी ने दावा किया कि पार्षद ने भाबनीपुर में फर्जी मतदान कराने के लिए 700 से अधिक आर्टिफिशियल उंगलियां खरीदी थीं। भाबनीपुर में उनका मुकाबला मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी से है।
700 से अधिक आर्टिफिशियल उंगलियां मंगवाई गई
अधिकारी ने जोर देकर कहा, “इस तरह की 700 से अधिक आर्टिफिशियल उंगलियां मंगवाई गई हैं। यह चुनाव में हेरफेर करने का प्रयास है। हम ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
बीजेपी नेता ने आगे बूथ स्लिप बांटने में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाबनीपुर में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा जारी की गई 3,810 स्लिप लोगों तक नहीं पहुंच सकीं और वापस लौट आईं।
उन्होंने कहा, “ऐसे मतदाताओं की सूची चिह्नित कर ली गई है। भाबनीपुर के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं और अपने वोटों के माध्यम से इसका जवाब देंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने अपने दावे का एक नमूना चुनाव आयोग को सौंप दिया है।
TMC ने आरोपों का किया खंडन
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। पार्टी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने इन दावों को "पूरी तरह निराधार" बताया।
चक्रवर्ती ने कहा, "क्या किसी लोकतंत्र में ऐसा संभव है? ऐसी बातें न तो संभव हैं और न ही व्यवहार में लाई जाती हैं। ये सिर्फ बेबुनियाद आरोप हैं, और इनका कोई जवाब नहीं है।"
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: दूसरे चरण का मतदान शुरू
पश्चिम बंगाल में 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हो रहा है। बुधवार को सुबह 7 बजे 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शुरू हुआ। यह अंतिम चरण है और TMC का गढ़ है। 2021 में, सत्तारूढ़ पार्टी ने इन 142 सीटों में से 123 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को केवल 18 और ISF को एक सीट मिली थी।
बता दें कि पहला चरण 23 अप्रैल को हुआ था और वोटों की गिनती 4 मई को होनी है।