West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग जारी है। बंगाल के दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग चल रही है। वहीं वोटिंग खत्म होने के बाद आज शाम एग्जिट पोल के नतीजे सामने आएंगे। वहीं चुनाव के नतीजे 4 मई को सामने आएंगे। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं। वहीं इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस मौजूदा विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगी।
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि, मतदान के दौरान सेंट्रल फोर्स और ऑब्जर्वर की तरफ से लोगों को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
ममता बनर्जी ने लगाए ये आरोप
रिपोर्टर्स से बात करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी जीत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “मुझे दो-तिहाई बहुमत मिलेगा, वे हर जगह हारेंगे, तृणमूल कांग्रेस जीत रही है।” ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान और सेंट्रल ऑब्जर्वर वोटर्स को निशाना बना रहे थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, “CRPF के जवान और सेंट्रल ऑब्जर्वर लोगों को पीट रहे हैं, उन्होंने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। कल रात से ही उन्होंने ज़ुल्म करना शुरू कर दिया है।”
ममता बनर्जी ने ये भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा, “उन्होंने हमारे कई लोगों को पकड़ लिया है। यह कोर्ट की अवमानना है, मैंने ऐसा लोकतंत्र कभी नहीं देखा।”
कब हुई थी पहले चरण की वोटिंग
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को हुई। वहीं पहले चरण में 152 सीटों पर करीब 93.19% वोटिंग हुई, जो अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार राज्य में इतना ज्यादा मतदान देखा गया है। वहीं दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे।