West Bengal Exit polls: इस एक एग्जिट पोल में ममता बनर्जी की बंपर वापसी पर बाकी सारे TMC को डराने वाले, देखिए poll of polls

West Bengal Exit polls: बाकी सभी एजेंसियों के उलट पीपल्स पल्स (Peoples Pulse) ने ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए एक बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 177 से 187 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसमें कांग्रेस को 1 से 3 सीटें और अन्य को शून्य मिलने का अनुमान जताया गया है

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 8:36 PM
Story continues below Advertisement
एग्जिट पोल के नतीजों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के संपन्न होते ही एग्जिट पोल के नतीजों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। कई सारे एग्जिट पोल्स के आंकड़ों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। ऐसे में पश्चिम बंगाल में दिलचस्प मुकाबले तस्वीर तो साफ हो ही रही है। एक ओर अधिकतर एग्जिट पोल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए चिंता पैदा करने वाले हैं, वहीं एक एग्जिट पोल ममता बनर्जी की भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी का दावा कर रहा है।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए जारी एग्जिट पोल के नतीजों ने सभी को चौंका दिया है। इस बार एजेंसियों के बीच एकमत की कमी दिख रही है। इससे 4 मई को आने वाले वास्तविक परिणाम और भी रोमांचक हो गए हैं। आइए एक नजर में देखते हैं टॉप के एग्जिट पोल्स क्या अनुमान लगा रहे हैं।

पीपल्स पल्स (Peoples Pulse) का चौंकाने वाला अनुमान


बाकी सभी एजेंसियों के उलट पीपल्स पल्स (Peoples Pulse) ने ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए एक बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 177 से 187 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसमें कांग्रेस को 1 से 3 सीटें और अन्य को शून्य मिलने का अनुमान जताया गया है।

बीजेपी को बढ़त दिखाने वाले एग्जिट पोल्स की तादाद ज्यादा

दूसरी ओर, कई एजेंसियां भाजपा को बहुमत के करीब या उससे आगे दिखा रही हैं:

  • एबीपी (ABP): यहां मुकाबला बेहद कड़ा है, जिसमें बीजेपी को 146 से 161 सीटें और टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है।
  • चाणक्य स्ट्रैटेजीज (Chanakya Strategies): इस एग्जिट पोल में बीजेपी को 150 से 160 सीटें और टीएमसी को 130 से 140 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। 294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है।
  • मैट्रिज (Matrize): इस एजेंसी ने भी बीजेपी को बढ़त देते हुए 146 से 161 सीटें दी हैं, जबकि टीएमसी को 125 से 140 सीटों पर रखा है।

प्रमुख मुद्दे और चुनावी घमासान

यह चुनाव मुख्य रूप से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह के नेतृत्व वाली बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला रहा है। भाजपा ने भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा, बांग्लादेश से घुसपैठ, बेरोजगारी और विकसित बांग्ला के विकास मॉडल के साथ परिवर्तन का नारा दिया। वहीं ममता बनर्जी ने अपनी कल्याणकारी योजनाओं, केंद्र के हस्तक्षेप के आरोपों, राज्य के फंड को रोके जाने और बंगाली गौरव को अपना मुख्य हथियार बनाया।

2021 के एग्जिट पोल के आंकड़े क्या थे?

यहां ये भी याद रखना जरूरी है कि 2021 में भी एग्जिट पोल्स ने कड़े मुकाबले की भविष्यवाणी की थी। एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) सहित कई सर्वे ने दोनों दलों को बहुमत के करीब दिखाया था। हालांकि, परिणाम आने पर टीएमसी ने 215 सीटों के साथ प्रचंड जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों पर सिमट गई थी।

ओपिनियन पोल के आंकड़े क्या थे?

6 अप्रैल को सीएनएन-न्यूज18 पर जारी वोटवाइब (VoteVibe) के ओपिनियन पोल ने टीएमसी को 159-169 और बीजेपी को 120-130 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। मैट्रिज और चाणक्य के ओपिनियन पोल्स ने भी टीएमसी को मामूली बढ़त दी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।