West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के रुझानों ने राज्य की सियासत में 'सुनामी' ला दी है। दशकों से बंगाल की सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी के अभेद्य किलों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ऐसी सेंध लगाई है कि टीएमसी के दिग्गज एक-एक कर ढहते नजर आ रहे हैं। दोपहर एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए ऐतिहासिक बढ़त बना ली है।
भाजपा 294 सदस्यीय विधानसभा में 185 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) मात्र 91 सीटों पर सिमटती दिख रही है। बहुमत के लिए आवश्यक 148 का आंकड़ा भाजपा ने शुरुआती कुछ घंटों में ही पार कर लिया था।
औंधे मुंह गिरे ममता के दिग्गज
रुझानों की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि टीएमसी के वे दिग्गज नेता, जिन्हें उनके क्षेत्र का अजेय योद्धा माना जाता था, वे भी पिछड़ रहे हैं -
उदयन गुहा: दिनहाटा सीट से ममता सरकार के मंत्री उदयन गुहा 4 राउंड के बाद भाजपा के अजय राय से 6,259 वोटों से पीछे हैं।
मानस रंजन भुइयां: सबांग सीट से 7 बार के विजेता मानस रंजन भुइयां को भाजपा के अमल कुमार पांडा से कड़ी टक्कर मिल रही है और वह 693 वोटों से पीछे चल रहे हैं।
शशि पांजा: कोलकाता की शहरी सीट पर मंत्री शशि पांजा भाजपा की पूर्णिमा चक्रवर्ती से 1,430 वोटों से पीछे हैं।
बिमान बनर्जी: विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी बारुईपुर पश्चिम सीट पर 1,448 वोटों से पिछड़ रहे हैं।
सिद्दीकुल्लाह चौधरी: मोंटेश्वर सीट पर भाजपा के सैकत पांजा ने सिद्दीकुल्लाह चौधरी पर 13,308 वोटों की भारी बढ़त बना ली है।
ममता और सुवेंदु की अपनी-अपनी बढ़त
हाई-प्रोफाइल सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने गढ़ भवानीपुर में भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से 5 राउंड की गिनती के बाद 16706 वोटों से आगे चल रही हैं। हालांकि, यहां शुरुआती दौर में वोटों का उतार-चढ़ाव काफी देखा गया। सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट पर दो राउंड के बाद टीएमसी के पवित्र कर से 3135 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।
भाजपा की इस बढ़त के पीछे वोट शेयर का एक बड़ा शिफ्ट नजर आ रहा है। भाजपा का वोट शेयर 2021 की तुलना में उछाल के साथ करीब 44.8% तक पहुंच गया है। टीएमसी का वोट शेयर गिरकर लगभग 41.7% रह गया है। यह ममता बनर्जी के मजबूत आधार में बड़ी दरार का संकेत है।
क्षेत्रवार भाजपा की 'सुनामी'
भाजपा ने न केवल उत्तर बंगाल और जंगलमहल में अपनी पकड़ मजबूत रखी है, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में भी टीएमसी को पछाड़ दिया है। दिनहाटा, बांकुरा, दुर्गापुर पूर्व और नयाग्राम जैसे क्षेत्रों में भाजपा की स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है। वहीं, टीएमसी कोलकाता की कुछ शहरी सीटों और ग्रामीण बेल्ट जैसे सिंगूर और जमालपुर में ही बढ़त बनाए रखने में सफल रही है।