West Bengal assembly elections 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (12 अप्रैल) को सीएम ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उस पर पिछले 15 सालों से कुशासन चलाने का आरोप लगाया। साथ ही बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, हिंसा और डर पर आधारित राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि राज्य में राजनीतिक हिंसा, विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और डर का माहौल बना हुआ है। इस दौरान मदरसों के लिए लगभग 6000 करोड़ रुपये आवंटित करने पर प्रधानमंत्री ने TMC सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम ममता बनर्जी की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार ने मदरसों के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। लेकिन पूरे पूरे उत्तर बंगाल के लिए पर्याप्त फंड देने की अनदेखी की है।"
उन्होंने आगे दावा किया कि TMC अपने वोट बैंक को खुश करने में व्यस्त थी। उन्होंने कहा कि संकट की स्थितियों के दौरान इस क्षेत्र की जरूरतों की अनदेखी की। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, "निर्दयी TMC सरकार का बजट भी उत्तरी बंगाल के साथ भेदभाव का एक उदाहरण है। इस निर्दयी सरकार ने मदरसों के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया। लेकिन बंगाल सरकार उत्तरी बंगाल के इतने विशाल हिस्से के विकास के लिए पर्याप्त बजट आवंटित नहीं करती है।"
PM मोदी ने आगे कहा, "TMC दिन-रात अपने खास वोट बैंक को खुश करने में व्यस्त है। जब उत्तरी बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचाई थी, तो हर तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी। उस समय निर्दयी TMC सरकार कोलकाता में जश्न मना रही थी। TMC उत्तरी बंगाल विरोधी पार्टी है।"
उन्होंने आगे कहा, "TMC की सरकार अपने 15 साल पूरे कर चुकी है। 15 साल में बर्बादी आपने देखी है। मैं यहां काफी नौजवानों को देख रहा हूं। इनमें से अधिकांश साथी 15 साल पहले शायद पहली कक्षा में पढ़ते होंगे और इस चुनाव में आप बंगाल का भविष्य तय करने जा रहे हैं, आप वोट करने जा रहे हैं। ये किसी के भी काम और करतूतों के मूल्यांकन का बहुत बड़ा समय होता है। लेकिन TMC ने काम नहीं किया, सिर्फ और सिर्फ काले कारनामे ही किए हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा,"सिलीगुड़ी नार्थ बंगाल का गेटवे है। लेकिन TMC ने नार्थ बंगाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को जान-बूझकर पीछे रखा। आपको कनेक्टिविटी हो, इंडस्ट्री हो, टूरिज्म हो, हर सेक्टर में उपेक्षा ही मिली। केंद्र सरकार ने जो पैसा भेजा, वो भी ये सिंडिकेट वाले ही हजम कर गए।"
पीएम मोदी ने कहा, "मुझे पक्का विश्वास है कि आज का ये दृश्य भी TMC की नींद उड़ाने वाला है। सिलीगुड़ी की ये रैली TMC के महाजंगलराज की दीवार गिराने वाली है, ये आपने तय कर लिया है। पूरे बंगाल में एक ही नारा गूंज रहा है #PaltanoDorkarChaiBJPSarkar।"
PM मोदी ने आगे कहा, "आपका ये स्नेह, ये आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा और सबसे बड़ी प्रेरणा है। जब 140 करोड़ देशवासी, बंगाल का हर एक नागरिक मुझे इतना प्यार दे रहा है, इतना आशीर्वाद दे रहा है। तो मैं भी आपसे वादा करता हूं कि मैं भी आपके लिए अपने आप को हर पल खपा दूंगा। जियूंगा, तो आपके लिए जियूंगा, जूझता रहूंगा, तो आपके लिए जूझता रहूंगा।"