Bengal Election 2026: बंगाल चुनाव से पहले वोटर्स को बड़ी राहत! ECI ने 7 लाख नए मतदाता जोड़े, TMC या BJP किसे होगा फायदा?

West Bengal Assembly Elections 2026: चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नए मतदाताओं में से लगभग 3.22 लाख मतदाता पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण में मतदान करेंगे। जबकि लगभग 3.88 लाख मतदाता दूसरे चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे

अपडेटेड Apr 19, 2026 पर 12:04 PM
Story continues below Advertisement
West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने लगभग सात लाख नए मतदाता जोड़े हैं

West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में लगभग सात लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। चुनाव आयोग (ECI) ने हालांकि नए जोड़े गए मतदाताओं की आयु या उनके संबंध में कोई अन्य जानकारी शेयर नहीं की है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन नए मतदाताओं में से लगभग 3.22 लाख मतदाता पहले चरण में मतदान करेंगे। जबकि लगभग 3.88 लाख मतदाता दूसरे चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

हालांकि, चुनाव आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन नए मतदाताओं में से कितने ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे और जिनकी आयु अभी 18 वर्ष हुई है। और न ही इन मतदाताओं के संबंध में कोई अन्य डिटेल्स दिया। निर्वाचन आयोग ने यह भी नहीं बताया कि मतदाता सूची में शामिल होने के लिए कितने फॉर्म-6 आवेदन प्राप्त हुए या उनमें से कितने आवेदन खारिज किए गए।

चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "कुल आंकड़े मानदंडों के अनुरूप जारी किए गए हैं। विस्तृत आंकड़े तैयार हैं और आवश्यकता पड़ने पर बाद में साझा जाएंगे।" आयोग ने बताया कि राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या अब 6,82,51,008 है, जो अदालत के आदेशों के बाद नाम जोड़े जाने पर बढ़ सकती है।


बंगाल में SIR पर जंग तेज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में SIR एक प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जनता ने राज्य से घुसपैठियों को बाहर निकालने का संकल्प लिया है। पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में अपने रोड शो के दौरान पीटीआई से बातचीत में शाह ने कहा कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा की जिम्मेदारी केवल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर है। अभिषेक तृणमूल कांग्रेस के महासचिव हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) चुनाव के बाद बंगाल में निश्चित रूप से सरकार बनाएगी। रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि तृणमूल का कोई भी गुंडा लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने से नहीं रोक पाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री बनर्जी पर 15 साल के अपने कार्यकाल में बंगाल को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि घुसपैठिए बिना किसी बाधा के बांग्लादेश से राज्य में आ गए, जबकि उद्योग राज्य छोड़कर चले गए। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा के असम और त्रिपुरा में सत्ता संभालने के बाद घुसपैठ पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

ममता का पलटवार

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि BJP का संसद में पतन शुरू हो गया है। यह पश्चिम बंगाल में भी जारी रहेगा। ममता ने 2029 से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को केंद्र द्वारा पारित कराने में नाकाम रहने के संदर्भ में यह बात कही।

हावड़ा के उलुबेरिया और दक्षिण 24 परगना के बरुइपुर, भंगोर और सोनारपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला। सीएम ने दावा किया कि परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने का BJP का असफल प्रयास देश और बंगाल को विभाजित करने के असल खेल को उजागर करता है।

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि 'संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026' असल में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नहीं था। बल्कि यह देश के चुनावी मानचित्र को फिर से तैयार करने और BJP को सत्ता में बने रहने में मदद करने के लिए एक राजनीतिक चाल थी।

ये भी पढ़ें- ED Raid in Kolkata: बंगाल चुनाव से पहले PMLA मामले में ईडी का ताबड़तोड़ एक्शन, कोलकाता में ममता के करीबी DCP शांतनु सिन्हा के घर रेड

मुख्यमंत्री ने BJP की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सहयोगी दलों पर निर्भरता की ओर इशारा करते हुए यह बात कही। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के संसदीय चुनावों से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।