West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल में जोरदार चुनाव प्रचार के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (26 अप्रैल) को ठाकुरनगर में राजनीतिक रूप से प्रभावशाली मतुआ समुदाय के मुख्य मंदिर ठाकुरबाड़ी और राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक ठनठनिया काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। शाम को उत्तरी कोलकाता में रोड शो में भाग लेने से पहले, प्रधानमंत्री कोलकाता के मध्य में स्थित 300 वर्ष से अधिक पुराने ठनठनिया कालीबाड़ी गए।
उन्होंने पास के एक स्टॉल से पूजा की सामग्री खरीदी और उसे मंदिर की अधिष्ठाता देवी, मां सिद्धेश्वरी को अर्पित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। उत्तरी कोलकाता की प्रमुख उत्तर-दक्षिण सड़क बिधान सरानी पर स्थित, इस मंदिर की स्थापना 1703 में उदय नारायण ब्रह्मचारी ने उस भूमि पर की थी, जहां उस समय श्मशान घाट हुआ करता था।
इससे पहले पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के ठाकुरनगर में मतुआ महासंघ के मुख्य मंदिर ठाकुरबाड़ी में अपनी चुनावी रैली से पहले पूजा-अर्चना की। मतुआ समुदाय के गढ़ में उनकी यात्रा को इस समुदाय के मतदाताओं तक पहुंचने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
मतुआ मतदाता कम से कम 34 विधानसभा सीटों और बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित दो दर्जन अन्य सीटों को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं। ठाकुरबाड़ी में इस संप्रदाय के संस्थापकों हरिचंद और गुरुचंद ठाकुर के मंदिर स्थित हैं। उनके समर्थन ने 2021 के विधानसभा चुनावों में BJP के मजबूत प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
हरिचंद ठाकुर द्वारा 19वीं शताब्दी में स्थापित मतुआ महासंघ एक सामाजिक-धार्मिक आंदोलन है, जिसने ऐतिहासिक रूप से शिक्षा और सामाजिक सुधार के माध्यम से नामशुद्र समुदाय के उत्थान के लिए काम किया है। पीएम मोदी 2019 में भी ठाकुरनगर मंदिर गए थे। वहीं, 2021 में बांग्लादेश के ओराकंडी भी गए थे।
कोलकाता में किया मेगा रोड शो
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से पहले BJP ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को उत्तरी कोलकाता में एक रोड शो किया। रोड शो बी के पाल एवेन्यू से शुरू हुआ और शोभा बाजार होते हुए खन्ना क्रॉसिंग पर समाप्त हुआ।
दो किलोमीटर दूरी तय करने वाले रोडशो में सड़क के दोनों ओर समर्थकों की भीड़ नजर आई। PM मोदी ने नागरिकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिनमें से कई अपने घरों की बालकनी या खिड़कियों के पास खड़े थे। पीएम मोदी भगवा रंग के वाहन पर खड़े थे, जो फूलों, नेता की तस्वीरों और भाजपा के चुनाव चिह्न 'कमल' के कटआउट से सजा हुआ था।
रोडशो के दौरान सड़कों पर कई उत्साही लोग अपने मोबाइल फोन से लगातार तस्वीरें खींचते दिखे। जबकि तमाम लोग प्रधानमंत्री की प्रशंसा में नारे लिखे हुए तख्तियां और बैनर लहरा रहे थे। SPG कर्मियों और कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों को भी उमड़ती भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि चारों ओर 'मोदी, मोदी' के नारे गूंज रहे थे।