Bhabanipur Election Result Trends: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जारी मतगणना के बीच सबकी नजरें राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर पर टिकी हुई हैं। शुरुआती रुझानों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने प्रतिद्वंद्वी सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ बढ़त बना ली है।
ममता बनाम सुवेंदु: साख की लड़ाई
भवानीपुर सीट पर इस बार मुकाबला बेहद कड़ा है क्योंकि ममता बनर्जी का सामना पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा के सबसे बड़े चेहरों में से एक सुवेंदु अधिकारी से है। आपको याद दिला दें कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। नंदीग्राम में हार के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर का रुख किया था, जहां उन्होंने पिछले उपचुनाव में 70% से अधिक वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की थी। उस समय भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल और माकपा के श्रीजीव विश्वास क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे।
इस बार भवानीपुर सीट के चुनावी समीकरण काफी महत्वपूर्ण हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर कुल 1,60,313 पंजीकृत मतदाता वोट डालने के पात्र थे। वोटों की गिनती शुरू होने के साथ ही ममता बनर्जी ने बढ़त बना ली है, जिससे टीएमसी खेमे में उत्साह है। हालांकि, सुवेंदु अधिकारी की चुनौती को देखते हुए भाजपा भी मजबूती से डटी हुई है। भवानीपुर के नतीजे न केवल ममता बनर्जी के राजनीतिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि यह बंगाल की सत्ता की दिशा तय करने में भी बड़ी भूमिका निभाएंगे।