Exit poll data for West Bengal: 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान खत्म होने के बाद बुधवार (29 अप्रैल) को सामने आए एग्जिट पोल के अनुमानों से मिली-जुली तस्वीर सामने आई। कुछ चुनाव सर्वे में यह संकेत मिला कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सत्ता में बनी रह सकती है। वहीं, ज्यादातर सर्वे में यह सुझाव दिया गया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) बंगाल में ऐतिहासिक जीत हासिल कर सकती है। इन अलग-अलग अनुमानों के बीच, देश की प्रमुख पोलिंग एजेंसी एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) ने पश्चिम बंगाल के लिए अपना एग्जिट पोल डेटा जारी करने से इनकार कर दिया।
इस बारे में एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) के CMD प्रदीप गुप्ता ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि उनकी कंपनी ने पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल के आंकड़े जारी करने से क्यों मना कर दिया। उन्होंने बताया कि जिन वोटरों का सैंपल लिया गया, उनमें से 70-80% ने तो मुंह ही नहीं खोला।
NDTV से बात करते हुए, एजेंसी के संस्थापक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि यह फैसला सैंपल की विश्वसनीयता को लेकर चिंताओं के कारण लिया गया है। उन्होंने कहा कि Axis My India आमने-सामने के इंटरव्यू पर निर्भर रहता है। लेकिन उसे बंगाल के मतदाताओं के बीच काफी हिचकिचाहट का सामना करना पड़ा।
गुप्ता ने कहा, "जब हमने पहले चरण के बाद लोगों से बात करने की कोशिश की, तो लगभग 60-70 प्रतिशत लोगों ने अपने होंठ सील रखे थे। वे हां या ना कुछ भी कहने के लिए भी तैयार नहीं थे।" उन्होंने आगे कहा कि अधूरे या बिना किसी सैंपल के आधार पर अनुमान लगाना सही नहीं होगा।
उन्होंने चैनल को बताया, "इसलिए, जब तक हमारा सैंपल प्रतिनिधि नहीं हो जाता यानी 20-30 प्रतिशत सैंपल के आधार पर हमें नहीं लगता कि कोई भी संख्या का अनुमान लगाना सही है। इसके लिए, हम गुरुवार को एक बार फिर कोशिश करेंगे। हो सकता है कि अब जब चुनाव हो चुके हैं, तो लोग ज्यादा सहज महसूस करें।"
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार शाम आए कई चुनाव सर्वेक्षण एजेंसियों के सर्वे में BJP को निर्णायक बढ़त या बहुमत मिलने की संभावना जताई गई। हालांकि कुछ सर्वेक्षणों ने तृणमूल कांग्रेस की सरकार बरकरार रहने का अनुमान जताया है।
';पीपुल्स पल्स' के सर्वे में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस 177 से 187 सीटें हासिल करके अपनी सत्ता बरकार रख सकती है। BJP को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को एक से तीन सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
'जनमत पोल्स' के एग्जिट पोल के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 195 से 205 सीटें मिल सकती हैं तो BJP को 80 से 90 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। 'पोल डायरी' के सर्वे का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल में BJP 142 से 171 सीटों के साथ पहली बार सत्ता में आ सकती है। इस सर्वेक्षण के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 से ही संतोष करना पड़ सकता है।
'मैट्रिज' के सर्वेक्षण में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में BJP 146 से 161 सीटों के साथ सरकार बना सकती है। जबकि TMC को 125 से 140 सीटें मिल सकती है। 'पी-मार्क' के सर्वे में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में भगवा पार्टी को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं तो टीएमसी को 118-138 सीटें मिलने का अनुमान है।