बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान इन दिनों अपने ब्लॉग को लेकर काफी चर्चा में रहती है। हाल ही में फराह खान अपने एक व्लॉग में पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया से बातचीत करते हुए नजर आई है। वहीं इस वीडियो में फराह खान ने बॉलीवुड एक्टर सनी देओल, बॉबी देओल और अक्षय खन्ना के जबरदस्त कमबैक पर बात की। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में दोबारा सफलता पाना आसान नहीं होता। असफलता के बाद खुद पर भरोसा बनाए रखना सबसे मुश्किल काम होता है।
बता दें एक्टर सनी देओल, बॉबी देओल और अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी फिल्मों की वजह से सुर्खियों में हैं। सनी देओस की ‘गदर 3’ और ‘बॉर्डर 2’, बॉबी देओल की ‘एनिमल’ और ‘बैंड्स ऑफ बॉलीवुड’ और अक्षय खन्ना की ‘धुरंधर’ व ‘छावा’ ने उनके करियर को नई पहचान दी है।
व्लॉग के दौरान रणवीर ने कहा कि अक्षय खन्ना, सनी देओल और बॉबी देओल की जर्नी उन्हें काफी प्रेरित करती है। इस पर फराह खान ने जवाब दिया, “ये बहुत अच्छी बात है कि उनका करियर फिर से पटरी पर लौट रहा है। वो बाहर होकर वापस आए हैं। ये और भी ज्यादा मुश्किल होता है। किसी ने सही कहा है कि अच्छी नाकामी को कभी बर्बाद मत करो, उससे हमेशा कुछ सीख लेना चाहिए।”
फराह खान और रणवीर ने फिल्म ‘तीस मार खान’ को लेकर भी बातचीत की और बताया कि रिलीज के कई साल बाद अब इस फिल्म को दर्शकों का काफी प्यार मिल रहा है। इस पर फराह ने कहा, “जब ‘तीस मार खान’ रिलीज हुई थी, तब मेरी तो खूब आलोचना हुई थी। मैंने सोचा था कि मैं इतनी गलत कैसे हो सकती हूं, क्योंकि मुझे तो यह फिल्म बहुत मजेदार लगी थी। लेकिन अब लगता है कि समय बदल गया है। हाल ही में जब अक्षय खन्ना की दोबारा चर्चा शुरू हुई, तो लोग मुझे इसी फिल्म के डायलॉग और बातें याद दिला रहे हैं।”
फराह ने कब शुरू किया था ब्लॉग
फराह खान ने साल 2024 में अपनी कुकिंग व्लॉग सीरीज की शुरुआत की, जो थोड़े ही समय में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई। इस शो की खास बात उनके कुक दिलीप के साथ उनकी मजेदार बातचीत को दर्शक बहुत पसंद करते हैं। इन वीडियोज़ में फराह अलग-अलग सेलिब्रिटीज के घर जाती हैं, उनसे खाना बनाने के खास टिप्स सीखती हैं और दर्शकों को उनके घर की झलक भी दिखाती हैं।